logo

मूड

ट्रेंडिंग:

फिर जेल से बाहर आया राम रहीम, 2026 में दूसरी बार तो अब तक 16वीं बार मिली रिहाई

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 30 दिन की पैरोल मिल गई है। इस साल उन्हें दूसरी बार पैरोल मिली है और अब तक वह कुल 16वीं बार जेल से बाहर आ चुके हैं।

Gurmeet Ram Rahim Singh

गुरमीत राम रहीम सिंह। Photo Credit: RamRahim/Facebook

रेप और हत्या के मामलों में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा सरकार ने राम रहीम को 30 दिन की पैरोल दी है, जिसके बाद मंगलवार सुबह उसे रोहतक की सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि पैरोल अवधि के दौरान वह उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहेगा। 

 

राम रहीम को अगस्त 2017 में दो साध्वियों से रेप के मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में भी उसे दोषी ठहराया गया था। जेल जाने के बाद से अब तक उसे लगातार पैरोल और फर्लो मिलती रही है। इससे पहले वह 15 बार जेल से छूट चुका है और आज 16वीं बार जेल से बाहर आया है। 

 

यह भी पढ़ें: नहीं दे पा रहे किराया, ग्राहक भी नहीं आते, 'मोहम्मद' दीपक को खाली करना होगा जिम

 

5 महीने में दूसरी बार छूटा

राम रहीम को लगातार जेल से रिहाई मिलने पर सवाल उठते रहे हैं। इससे पहले इसी साल जनवरी में भी वह पेरोल पर जेल से बाहर आया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, राम रहीम इसी साल 5 जनवरी को 40 दिन की पैराल पर जेल से बाहर आया था। उस वक्त शाह सतनाम दिवस था और वह सिरसा में डेरा के हेडक्वार्टर में रहा था। पहले भी, जब वह जेल से बाहर था, तो वह उत्तर प्रदेश के बागपत में डेरा के आश्रम में रहा था। इस बार भी वह इसी आश्रम में रहेगा। 

 

कब-कब आया जेल से बाहर?

राम रहीम को आज 16वीं बार जेल से रिहाई मिली है। पहली बार अक्टूबर 2020 में उसे एक दिन की पैरोल मां से मिलने के लिए दी गई थी। मई 2021 में 12 घंटे की विशेष पैरोल मिली। इसके बाद फरवरी 2022 में 21 दिन की फर्लो, जून 2022 में 30 दिन की पैरोल और अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल दी गई। 

 

साल 2023 में भी राम रहीम को राहत मिलती रही। जनवरी 2023 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली, फिर जुलाई 2023 में 30 दिन और नवंबर 2023 में 21 दिन की फर्लो दी गई। जनवरी 2024 में उसे 50 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद अगस्त 2025 में 40 दिन की पैरोल और जनवरी 2026 में फिर 40 दिन की पैरोल दी गई। अब मई 2026 में उसे 30 दिन की नई पैरोल मिली है। कुल मिलाकर इस साल वह 70 दिन जेल से बाहर रहेगा। 

 

यह भी पढ़ें: X के चक्कर में बता रहे थे पाकिस्तानी, अब CBSE ने सही पाई उस बच्चे की शिकायत

 

रिहाई को लेकर आलोचना

राम रहीम की रिहाई को लेकर हर बार राजनीति भी गरमाती रही है। विपक्षी दलों और सिख संगठनों ने कई बार आरोप लगाया कि चुनावों के आसपास उसे पैरोल देकर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश की जाती है। इससे पहले भी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली चुनावों के दौरान राम रहीम को राहत मिलने पर सवाल उठते रहे हैं। हरियाणा सरकार का तर्क रहा है कि पैरोल और फर्लो कानून के तहत दी जाती है और हर कैदी को इसका अधिकार है। 

Related Topic:#Ram Rahim

और पढ़ें