X के चक्कर में बता रहे थे पाकिस्तानी, अब CBSE ने सही पाई उस बच्चे की शिकायत
CBSE ने अब आरोप लगाने वाले छात्र वेदांत के आरोपों को सही पाया है और उनकी सही कॉपी भेज दी है। इसकी पुष्टि खुद वेदांत ने अपने उसी अकाउंट पर की है जिसके लिए उन्हें पाकिस्तानी कहा जा रहा था।

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT
12वीं कक्षा एक छात्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) पर आरोप लगाए थे। आरोप था कि उसने जब अपनी कॉपी की रीचेकिंग कराई तो उसे जो कॉपी दिखाई गई वह तो उसकी थी ही नहीं। इसी के बाद X पर उस बच्चे वेदांत की लोकेशन पाकिस्तान की दिखने के कारण उसे पाकिस्तानी बताकर खूब ट्रोल भी किया गया। अब CBSE ने गलती मानी है और बच्चे के आरोपों को सही माना है। CBSE ने इस मामले की जांच की बात भी कही है और वेदांत को उनकी असली कॉपी भेजी दी है। इस समय रीचेकिंग में कई तरह गड़बड़ियां सामने आ रही हैं जिनके चलते CBSE चौतरफा घिरा हुआ है।
सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बाद, CBSE ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कदम उठाए और प्रभावित छात्रों को व्यक्तिगत रूप से जवाब देना शुरू कर दिया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, बोर्ड के एक सूत्र ने बताया कि CBSE ने उन छात्रों की शिकायतों को प्राथमिकता देने का फैसला लिया है जिनकी शिकायत यह है कि उनकी आंसर शीट में उनकी लिखावट मेल नहीं खा रही है। इसका मतलब है कि उन्हें गलत कॉपी दिखाई जा रही है। यह आश्वासन दिल्ली निवासी और 12वीं कक्षा के एक छात्र वेदांत की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किए जाने के बाद सामने आया है।
यह भी पढ़ें: जिस छात्र को पाकिस्तानी कहा! उसी के समर्थन में उतरे राहुल गांधी, पूरी कहानी
कहां से शुरू हुआ विवाद?
छात्र वेदांत ने सोशल मीडिया पर किए गए एक विस्तृत पोस्ट में आरोप लगाया कि रीचेकिंग कराने पर CBSE की ओर से भौतिकी (फिजिक्स) की जो आंसर शीट अपलोड की गई, वह उनकी है ही नहीं। कई अन्य छात्रों ने भी सोशल मीडिया पर इसी तरह के दावे किए। इस मुद्दे पर हंगामा मचने और कई अन्य छात्रों की ओर से भी इसी तरह के दावे किए जाने के बाद, CBSE ने सोमवार शाम को कहा कि उनकी आंसर शीट की एक सही कॉपी उन्हें भेज दी गई है और उनके रिजल्ट को अपडेट करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एक सूत्र ने कहा, 'ऑनलाइन या ऑफलाइन, किसी भी माध्यम से जो भी शिकायतें आ रही हैं, CBSE उनपर सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रहा है।' उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड छात्रों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी छात्रों और अभिभावकों से लगातार संपर्क में हैं, ताकि उनकी शिकायतों का समाधान किया जा सके और छात्रों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा सके। वेदांत की शिकायत के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब में सूत्र ने कहा, 'यह किसी एक बच्चे का मामला नहीं है। जिसकी भी शिकायत आ रही है, उसपर सक्रिय रूप से ध्यान दिया जा रहा है।' अन्य छात्रों की ओर से उठाई गई शिकायतों का हवाला देते हुए सूत्रों ने कहा, ‘न केवल एक छात्र, बल्कि ऐसे सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ मामलों में, समस्याओं का समाधान भी हो चुका है।’
खूब हुई थी ट्रोलिंग
वेदांत के इस पोस्ट को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर 37 लाख से ज्यादा व्यू मिले हैं। वेदांत ने पोस्ट में लिखा है कि उसने (छात्र ने) और उसके परिवार ने पाया था कि CBSE की ओर से मुहैया कराई गई फिजिक्स की आंसर शीट की लिखावट उसकी लिखावट से मेल नहीं खाती। CBSE ने ‘एक्स’ पर वेदांत को दिए अपने जवाब में कहा, ‘आपकी फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका से जुड़ी चिंता हमारे संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद। समीक्षा के बाद मामले की जांच कर ली गई है और आपकी उत्तर पुस्तिका की सही प्रति आपके रजिस्टर्ड ईमेल पते पर भेज दी गई है। साथ ही, आवश्यकतानुसार आपके परिणाम में संशोधन की प्रक्रिया भी की जा रही है।’
यह भी पढ़ें: बिहार, बंगाल, तमिलनाडु में हार, UP में भी 'दुविधा हाइवे' पर चलेगी कांग्रेस?
https://twitter.com/i/status/2058949928043655593
CBSE ने कहा, ‘हम आपके धैर्य की सराहना करते हैं और आपको अपने निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाते हैं।’ इससे पहले वेदांत को सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी तक कह दिया गया था। फिर वेदांत के भाई सिद्धांत ने X पर एक सफाई भी दी थी कि उन्होंने ही वेदांत के लिए यह हैंडल बनाया था। फिर उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें यह दिखाया गया कि किसी तकनीकी समस्या के कारण वह अपनी लोकेशन को बदल ही नहीं पा रहे थे। इसी तकनीकी समस्या के कारण ही उनकी लोकेशन पाकिस्तान की दिखा रही थी। दूरदर्शन के पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने भी वेदांत को पाकिस्तान कहा था।
अब अपनी सही आंसर शीट मिलने पर वेदांत ने X पर लिखा है, 'हमें CBSE की ओर से सही आंसर शीट मिल गई है। CBSE ने शाम हो संपर्क किया और सही आंसर शीट भेज दी। हम सही थी और हमारा दावा सही पाया गया कि आंसर शीट ही बदल गई थी। मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद कहता हूं जो हमारे साथ खड़े रहे। लोगों ने हमें देश विरोधी और पाकिस्तानी तक कहा क्योंकि हमने एक असली समस्या उठाई और आखिर में सच की जीत हुई। मैं CBSE से अपील करता हूं कि वह आंसर शीट बदलने के इस मामले को अच्छे से देखे और इस तरह की समस्या झेल झेल रहे हर छात्र की मदद करे।'
यह भी पढ़ें: हर दिन जान गंवाती 15 'त्विशा', कानून हैं, अदालतें भी, फिर कैसे छूटते हैं आरोपी?
राहुल गांधी ने भी किया था समर्थन
बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कुछ लोगों ने भी वेदांत का बचाव किया था और CBSE से सवाल पूछे थे। इससे पहले वेदांत ने लिखा था, ‘कम नंबर मिलने के बाद हमने CBSE की रीचेकिंग प्रक्रिया के तहत आंसर शीट की फोटोकॉपी मांगी। आज हमें कॉपी मिली और मैं बेहद निराश हूं, क्योंकि CBSE की ओर से अपलोड की गई आंसर शीट मेरी नहीं है।’ वेदांत ने दावा किया था कि फिजिक्स (भौतिकी) की आंसर शीट की लिखावट उनकी अंग्रेजी और कंप्यूटर साइंस की आंसर शीट और उनके नोट्स से पूरी तरह अलग है।
उन्होंने कहा था, ‘लिखावट की शैली, अक्षरों का आकार, स्पेसिंग, झुकाव और वाक्य प्रवाह-सब कुछ अलग है।’ वेदांत ने आरोप लगाया था कि फिजिक्स की आंसर शीट पूरी तरह से किसी अन्य छात्र की लगती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वास्तव में उनकी ही कॉपी की चेकिंग कई गई है? उन्होंने पूछा था, ‘अगर यह सच है तो मेरे रोल नंबर के तहत असल में किसका मूल्यांकन किया गया? मेरा पेपर? या किसी और का?’ साथ ही, यह भी कहा कि यह अब केवल ‘पुनः जांच’ (रीचेकिंग) का मुद्दा नहीं रह गया है।’
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




