दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के राज्यों में मौसम बदल रहा है। सुबह और शाम को ठंड पड़ रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में सुबह और रात में सड़कों पर धुंध भी दिखाई दे रहा है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तcमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
केरल और माहे में 28 से 30 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 के बीच भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के बाकी हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक कोई खास बदलाव मौसम में नहीं आता दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: थैंक्सगिविंग पर अमेरिका में तूफान, 400 उड़ानें रद्द, 9 लाख घरों की बिजली गुल
दिल्ली में कोहरा और ठंड का हाल क्या है?
IMD के मुताबिक दिल्ली में 30 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। 28 नवंबर को सुबह कुछ जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा हो सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 24 से 26 और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।29 और 30 नवंबर को सुबह कई जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा हो सकता है।
29 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 से 26 और न्यूनतम 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 30 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 से 25 और न्यूनतम 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले सात दिन में शीत लहर या ठंडे दिन की स्थिति नहीं बनेगी।
किन राज्यों में दिखेगा कोहरे का असर?
मौसम विभाग के मुताबिक असम-मेघालय में 28 नवंबर को घना कोहरा पड़ सकता है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर को घना कोहरा पड़ सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में 28 से 29 नवंबर तक यह स्थिति रह सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक घना कोहरा संभव है। इससे कुछ हवाई अड्डों, सड़कों और रेल रूटों पर असर पड़ सकता है। विभाग ने वाहन चलाते समय फॉग लाइट इस्तेमाल करने और यात्रा से पहले एयरलाइन व रेलवे से समय की जानकारी लेने की सलाह दी है।
किन राज्यों में हो रही झमाझम बारिश?
पिछले 24 घंटों में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक तमिलनाडु और तेलंगाना में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। तमिलनाडु के कोविलपट्टी (थूथुकुडी) में 13 सेंटीमीटर और तेलंगाना के भुवनगिरि में 12 सेंटीमीटर बारिश हुई। ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा रहा, जहां दृश्यता 50 मीटर से कम दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: दिल्ली-UP में छाया रहेगा कोहरा, इन राज्यों में भारी बारिश के आसार
क्यों दक्षिण भारत में हो रही खूब बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, लक्षद्वीप के दक्षिण से तटीय कर्नाटक तक निचले स्तर पर पूर्व दिशा से चलने वाली हवाओं में नमी और बादलों की एक पट्टी बनी है। इसी तरह की एक और मौसमी पट्टी दक्षिण मध्य महाराष्ट्र से उत्तरी गुजरात तक फैली हुई है। इसके अलावा, 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर ऊपरी हवा में एक चक्रवाती घेरा बनने की संभावना है।
इन बदलावों की वजह से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 28 नवंबर को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अनुमान है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
किसानों के लिए क्या सलाह है?
तमिलनाडु और केरल के किसानों के लिए भी सलाह जारी की गई है। खेतों और बागानों से अतिरिक्त पानी निकालने को कहा गया है। पक जाने वाली फसलें बारिश के बीच के सूखे समय में काटकर सुरक्षित जगह रखने की सलाह दी गई है। पशुओं को बारिश के दौरान शेड के अंदर रखने को कहा गया है।
अंडमान-निकोबार और मछुआरों के लिए क्या अनुमान है?
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 29 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकते हैं।
IMD ने मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में अंडमान सागर क्षेत्र में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।