दीवाली के चार दिन पहले ही दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। शहर के प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में लोगों को जाम से जूझना पड़ा। दिल्ली से गाजियाबाद, गुरुग्राम और नोएडा को जाने वाली सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम से लोग हलकान दिखे। रिंग रोड का हाल भी यही था। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। इस बीच दिल्ली पुलिस ने सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की छुट्टियों रद्द कर दी है, ताकि त्योहार के दौरान जाम से बचा जा सके।
दिल्ली में चांदनी चौक, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और करोल बाग समेत कई बाजारों में जाम जैसी स्थिति रही। घंटों की मशक्कत के बाद लोग अपने गंतव्य तक पहुंचे। प्रगति मैदान के पास मथुरा रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार दिखीं। जामिया मिलिया इस्लामिया के पास वाहन रेंगते दिखे। इसके अलावा दिल्ली-गुरुग्राम कॉरिडोर पर एनएच -48 फ्लाईओवर पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
यह भी पढ़ें: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल पत्नी समेत आरजेडी में हुए शामिल
अगर उत्तर पश्चिमी दिल्ली की बात करें तो यहां मधुबन चौक, पीतमपुरा, आउटर रिंग रोड और नेताजी सुभाष प्लेस के पास लोग जाम से जूझते दिखे। सोशल मीडिया पर दिल्ली में लगे भीषण जाम की कई तस्वीरें वायरल हैं।
लोगों ने सरदार पटेल मार्ग, शाहजहां रोड, केजी मार्ग, वंदे मातरम मार्ग, बाबा बंदा सिंह बहादुर सेतु, करनाल रोड, महात्मा गांधी रोड, शेख मुजीबुर रहमान रोड, बाबा खड़क सिंह रोड, लाला हरदेव सहाय मार्ग, रोशनआरा रोड और राज निवास मार्ग पर जाम की सूचना दी।
एक यूजर्स ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली में ऐसा ट्रैफिक मैंने पहले कभी नहीं देखा! दो घंटे से एक ही जगह पर फंसा हूं, कुछ भी नहीं चल रहा। 112 पर तीन-चार बार कॉल किया, लेकिन कॉल ड्रॉप होती रही और किसी ने वापस कॉल नहीं किया। क्या दिक्कत है! त्योहारों का सीजन आ रहा है, ऐसे में अधिकारियों की ये घटिया प्लानिंग है।' एक अन्य यात्री ने लिखा कि हर मुख्य सड़क जाम है। मुझे धौला कुआं से आईटीओ पहुंचने में 90 मिनट लग गए।
यह भी पढ़ें: 'हम नहीं लेंगे हिस्सा', जाति सर्वे से सुधा और नारायण मूर्ति ने क्यों बनाई दूरी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने क्या कहा?
इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा कि मोटरसाइकिल पर तैनात कर्मचारियों समेत शहर में अधिकतम सुरक्षा बलों को ड्यूटी पर लगाया गया है। उनकी छुट्टियां भी रद्द की गई हैं। आने वाले दिनों में भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रैफिक को सुचारू बनाने को पूरी तरह से तैयार हैं।