देश की राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला दो रातों में दो एक्सीडेंट हुए जिसमें 4 युवकों की जान चली गई। बाहरी दिल्ली में रात मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक तेज रफ्तार में थी और युवक ने बाइक पर से कंट्रोल खो दिया, जिसके बाद बाइक फ्लाईओवर के दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतकों में से एक नीचे नाले में गिर गया। सोमवार रात भी एक इसी तरह का हादसा हुआ। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, बाइक पर सवार दो चचेरे भाई IPL मैच देखकर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई।
पहले मामले में पुलिस के अनुसार, रविवार रात 11 बजे दोनों युवक आदर्श नगर की ओर से अपने घर संगम विहार की तरफ जा रहे थे। बाइक की स्पीड ज्यादा होने के कारण यह हादसा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और नाले में गिरे युवक के शव को निकाला। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में ले लिया गया। भलस्वा डेरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारी पर डाल दिया था कीचड़, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे को हुई सजा
पार्टी के बाद नशे में थे
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में एक पुलिस वाले के हवाले से लिखा गया है कि अस्पताल की ओर से जारी दोनों युवकों के मेडिको लीगल सर्टिफिकेट के अनुसार वे दोनों नशे में थे। पुलिस के अनुसरा, रात 9 बजे से 10 बजे के बीच यह हादसा हुआ है और दोनों बाइक सवार अपने दोस्त की एक पार्टी से लौट रहे थे।
एक घंटे बाद निकाली लाश
पुलिस के अनुसार, मृतक बुराड़ी और बवाना के रहने वाले थे। बाइक का मालिक ही इस घटना के समय उसे चला रहा था। पीछे बैठा उसका दोस्त एक फैक्टरी में मजदूर के तौर पर काम करता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक बहुत तेज रफ्तार में थी और जब वह दीवार से टकराई, तो उसका असर इतना जोरदार था कि राइडर और बाइक दोनों फ्लाईओवर से नीचे नाले में जा गिरे, जबकि पीछे बैठा भाई फ्लाईओलर पर ही गिर गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमें उसी रास्ते से जा रहे कुछ लोगों से इस हादसे के बारे में एक कॉल आई थी। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल सफेद बाइक नाले के पास लावारिस हालत में मिली। बाइक में पीछे बैठे युवक को पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचा दिया था। बाइक चलाने वाला नाले में जा गिरा था और करीब एक घंटे तक उसके शव की तलाश की गई जिसके बाद नाले से उसे बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: झुलसा देने वाली गर्मी के बीच अचानक बारिश, 13 राज्यों में अलर्ट, कुछ में चलेगी लू
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि कोई चश्मदीद नहीं मिला।
IPL मैच देखकर लौट रहे भाईयों की मौत
सोमवार रात को भी दिल्ली में एक हादसा हुआ। इस हादसे में दो चचेरे भाईयों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, रात 10:30 बजे के यह हादसा हुआ है और दोनों IPL मैच देखकर घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे छोटे भाई अभाव ने अपने पापा से बात की और कहा कि वह आधे घंटे में घर पहुंच जाएगा। जब वह अपने पापा से बात कर रहा था ठीक उसी समय यह हादसा हुआ है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और हादसे वाली घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला हिट एंड रन का लग रहा है।