आज देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देशभर में राष्ट्रीय पर्व पर सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। कई राज्यों में इस दौरान बारिश होने की उम्मीद है। देश के कई राज्य 15 अगस्त के दिन भी बारिश से जूझने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इस हफ्ते के ज्यादातर दिन तेज बारिश वाले रहेंगे। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी खूब बारिश हो सकती है।
झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों पर बन रहे दबाव की वजह से ओडिशा और झारखंड में पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त पर देश प्रेम दिखाने वाली 5 ड्रेस, घर पर ऐसे करें तैयार
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान सामान्य के आसपास रहेगा।
कैसा रहेगा उत्तर भारत का मौसम?
उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 15 से 20 अगस्त तक तेज बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य भारत में छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में भी व्यापक बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और आंधी-तूफान की आशंका है।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त पर दोस्तों को भेजें ये खास मैसेज, पढ़कर दिल में जागेगा देशप्रेम
पूर्वोत्तर के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य राज्यों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिम भारत में कोंकण-गोवा और गुजरात क्षेत्र में बारिश जारी रहेगी। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी छिटपुट से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है?
बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों के पास तेज हवाएं चलने तथा समुद्र की स्थिति खराब रहने की चेतावनी दी गई है। मछुआरों को 15 अगस्त की सुबह तक इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने और फसलों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी गई है।