देशभर में अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले करीब एक महीने से जारी बारिश का दौर अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने से मौसमी गतिविधियां थम गई हैं। इसका सीधा असर उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, यूपी और बिहार में देखने को मिलेगा, जहां बारिश बंद होने से अब तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू होगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में अभी भी मौसम की गतिविधियां जारी हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 अप्रैल को दिल्ली में सुबह के समय हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यह भी पढ़ें: होर्मुज पर अड़ा अमेरिका, ईरान को झुकना मंजूर नहीं, शांति वार्ता का क्या होगा?

यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी अब बारिश का दौर थम गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में दिन के समय तेज हवाएं जरूर चलेंगी लेकिन बारिश का कोई भी अलर्ट नहीं है। इसके साथ ही कुछ जिलों में गर्म हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया जैसे जिलों में तापमान बढ़ेगा और गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
वहीं, बिहार की बात करें तो बिहार में भी अब तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने बारिश का कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया है। ऐसे में गर्मी देखने को मिल सकती है। पटना, गया, जहानाबाद, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार और खगड़िया जैसे जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
पहाड़ी राज्यों का हाल
इस संडे अगर आप पहाड़ों पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का पूर्वानुमान जरूर देख कर जाएं क्योंकि पहाड़ों पर अभी भी मौसम की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 12 -13 अप्रैल को ऊंचाई वाले इलाके में हल्की बारिश की चेतावनी है। उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली,रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ है।
इसके अलावा दूसरे पहाड़ी राज्य हिमाचल की बात करें तो यहां भी किन्नौर, शिमला, सोलन, चंबा, ऊना, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अगर आप इन जिलों में जाने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम के हिसाब से योजना बनाएं।
जम्मू-कश्मीर में आज मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में आज तेज से मध्यम बारिश हो सकती है। शोपियां, बांदीपोरा, रामबन, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, सांबा, गांदरबल, कठुआ, डोडा, उधमपुर जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: क्या है 'ऑपरेशन टाइगर'? एकनाथ शिंदे के मिशन से BJP की बढ़ी टेंशन
अन्य राज्यों का हाल
राजस्थान में बारिस की कोई संभावना नहीं है लेकिन बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी बारिश की संभावना नहीं है। इन सभी राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही पूर्वी और मध्य भारत में 6-8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत में मौसम की गतिविधियां जारी रहेंगी। असम में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, लखीमपुर, कछार, तिनसुकिया, जोरहाट. गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, उत्तरी लखीमपुर जिलों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।