logo

मूड

ट्रेंडिंग:

आज का मौसम: गर्मी और उमस से लोग होंगे परेशान, मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ी

देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश का दौर कुछ समय के लिए खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज कई हिस्सों में गर्मी और उमस का असर रहेगा।

Weather in Delhi

दिल्ली में मौसम, Photo Credit: ANI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियां बनी हुई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 14 जुलाई को पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ राज्यों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए चेतावनी भी जारी की है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में मॉनसून ब्रेक के चलते बारिश थम गई है और गर्मी का असर दिखने लगा है। 

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को बादल छाए रह सकते हैं। दिन के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश की संभावना फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में नहीं है, लेकिन बादलों के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। 

 

यह भी पढ़ें: फिर विदेश दौरे पर राहुल गांधी, चालाकी है या कमजोरी? इतिहास से समझिए

 

उत्तर प्रदेश में कमजोर पड़ा मॉनसून

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में व्यापक बारिश की संभावना अगले कुछ दिनों बाद बढ़ सकती है। फिलहाल इस हफ्ते मॉनसून ब्रेक के कारण छिटपुट बारिश की घटनाएं ही होंगी।

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। उत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र में कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। 

 

 

 

झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश 

झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में गरज के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल में मॉनसून का असर अधिक देखने को मिल सकता है। दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए विशेष निगरानी की बात कही है।

 

पहाड़ी राज्यों का मौसम

उत्तराखंड में 14 जुलाई को मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। कई पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है और जरूरी ना होने पर इन जगहों पर ना जाने की सलाह दी है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ सड़कों पर फिसलन और मलबा आने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है। पर्यटकों को मौसम पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा प्लान करने के लिए कहा गया है। 

 

यह भी पढ़ें: MP में युवकों को मिली तालिबानी सजा! कांग्रेस का BJP सरकार पर तीखा हमला

पूर्वोत्तर में भारी बारिश

उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर राज्यों में मॉनसून ब्रेक का असर देखने को मिल रहा है लेकिन पूर्वोत्तर भारत में बारिश अभी भी जारी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है।

अन्य राज्यों का मौसम 

मध्य भारत में मॉनसून ब्रेक का असर देखने को मिल रहा है, जबकि दक्षिण भारत में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। वहीं केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी उमस के कारण लोगों को परेशानी होगी।  दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य बना रह सकता है।


और पढ़ें