देशभर में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। वहीं असम और मेघायल में आज फिर से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है, हालांकि उमस बनी रह सकती है।
यह भी पढ़ें: मुख्तार अंसारी गैंग पर बड़ा प्रहार, शूटर अंगद राय की 9.30 करोड़ की संपत्ति कुर्क

यूपी और बिहार में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार में भी कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा है मौसम?
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत में अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अनुमान है। इसके साथ ही असम में बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। असम पहले ही बाढ़ की मार झेल रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: कावेरी के पानी पर हर मानसून में क्यों आमने-सामने आ जाते हैं कर्नाटक और तमिलनाडु?
दक्षिण भारत का मौसम
केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कुछ इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
अन्य राज्यों का हाल
महाराष्ट्र के कोकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के अलावा गुजरात के कई हिस्सों में सोमवार को अच्छी बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।