logo

मूड

ट्रेंडिंग:

न डीजल, न धुआं! पानी के ऊपर उड़कर चलेगी फेरी P-12, जानें इसकी खासियत

महाराष्ट्र में स्वीडन की कंपनी कंडेला की इलेक्ट्रिक फेरी P-12 का समुद्री परीक्षण हुआ। यह पानी से ऊपर उठकर चलती है। जानें कैसे काम करती है यह फेरी और डीजल नावों से कितनी अलग है।

Candela P-12

फेरी P-12।(Photo Credit: Candela Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास एक खास इलेक्ट्रिक फेरी का समुद्री परीक्षण किया गया। इसका नाम कंडेला P-12 है। यह स्वीडन की कंपनी कंडेला ने बनाई है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि चलते समय यह पानी से ऊपर उठ जाती है। इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे नाव पानी के ऊपर उड़ रही हो। यह पूरी तरह बिजली से चलती है। इसमें डीजल या पेट्रोल की जरूरत नहीं पड़ती। महाराष्ट्र सरकार ऐसी 12 फेरी खरीदने की योजना बना रही है। इनका इस्तेमाल मुंबई से मांडवा और एलिफेंटा की गुफाओं तक सफर के लिए किया जा सकता है।

 

इस फेरी को आम नावों से अलग बनाने में हाइड्रोफॉइल तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। इसकी मदद से नाव का ज्यादातर हिस्सा पानी से ऊपर उठ जाता है। इससे पानी का दबाव कम पड़ता है और नाव तेज चलती है। कंपनी का दावा है कि इससे आम डीजल फेरी के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत तक ऊर्जा बच सकती है। आइए जानते हैं कि कंडेला P-12 कैसे काम करती है और भारत में इससे लोगों को क्या फायदा होगा।

क्या है कंडेला P-12 और कैसे काम करती है?

कंडेला P-12 एक इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल फेरी है। इसमें पानी के अंदर खास पंखों जैसी बनावट लगाई गई है। इन्हें हाइड्रोफॉइल कहते हैं। जब नाव की रफ्तार बढ़ती है तो ये पंखे पानी के दबाव से ऊपर उठने की ताकत पैदा करते हैं। इससे नाव का निचला हिस्सा पानी से ऊपर आ जाता है।

 

यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल के लिए सांसदों को 150 करोड़ का ऑफर? संजय राउत का BJP पर आरोप

 

आम नाव पानी को चीरते हुए आगे बढ़ती है। इसमें ज्यादा ताकत लगती है। वहीं कंडेला P-12 पानी के ऊपर उठकर चलती है। इससे पानी का विरोध कम होता है। नतीजा यह होता है कि कम बिजली खर्च करके भी नाव तेज चल सकती है।

डीजल वाली फेरी से कितनी अलग है?

डीजल से चलने वाली फेरी में इंजन ईंधन जलाकर नाव को आगे बढ़ाता है। इससे धुआं निकलता है और काफी आवाज भी होती है। नाव पानी में बड़ी लहरें भी बनाती है। कंडेला P-12 में बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर लगी हैं। इससे धुआं नहीं निकलता और आवाज भी बहुत कम होती है। इसकी हाइड्रोफॉइल तकनीक पानी में उठने वाली लहरों को भी कम करती है। कंपनी के मुताबिक, यह आम डीजल फेरी के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत तक कम ऊर्जा खर्च करती है। 

कितनी है रफ्तार और कितने लोग बैठ सकते हैं?

कंपनी के स्टैंडर्ड P-12 शटल मॉडल की लंबाई करीब 12 मीटर और चौड़ाई 4.5 मीटर है। इसमें एक बार में 30 यात्री बैठ सकते हैं। इसमें 378 kWh की बैटरी और दो इलेक्ट्रिक मोटर लगी हैं। इसकी सामान्य रफ्तार 25 नॉट यानी करीब 46 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 56 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। एक बार चार्ज होने पर यह करीब 74 किलोमीटर चल सकती है। फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी को 10 से 85 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 45 मिनट लगते हैं।

 

यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर, असली प्रोटोकॉल क्या हैं?

कंडेला P-12 कितने तरह की होती है?

कंपनी ने इसे तीन मॉडल में तैयार किया है।
P-12 Shuttle: यह आम यात्रियों के लिए है। इसमें 30 लोग बैठ सकते हैं। इसका इस्तेमाल रोजाना आने-जाने के लिए किया जा सकता है।
P-12 Business: यह खास और आरामदायक सफर के लिए है। इसमें 20 यात्रियों के बैठने की जगह है।
P-12 Voyager: यह प्रीमियम मॉडल है। इसमें 12 यात्री बैठ सकते हैं। इसका इस्तेमाल खास यात्राओं और निजी सेवाओं के लिए किया जा सकता है।

भारत में कैसे होगा फायदा?

मुंबई में सड़क पर ट्रैफिक की समस्या रहती है। ऐसे में पानी के रास्ते सफर करना लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। कंडेला P-12 से गेटवे ऑफ इंडिया से मांडवा और एलिफेंटा की गुफाओं तक सफर किया जा सकता है। इससे लोगों का समय बचेगा। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम हो सकता है।

इससे प्रदूषण और शोर कम करने में भी मदद मिलेगी। पर्यटक भी कम समय में एक जगह से दूसरी जगह पहुंच सकेंगे। कोच्चि और गोवा जैसे तटीय शहरों में भी भविष्य में ऐसी फेरी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

महाराष्ट्र में कितनी फेरी चलाने की तैयारी?

महाराष्ट्र सरकार ऐसी 12 फेरी खरीदने की योजना बना रही है। एक फेरी की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये बताई गई है। इनका संचालन सरकारी और निजी कंपनियां मिलकर कर सकती हैं। इसे PPP मॉडल कहा जाता है। सरकार ने कंडेला के साथ महाराष्ट्र में ही ऐसी फेरी बनाने को लेकर समझौता भी किया है। नियमित सेवा 2026 के आखिर तक शुरू करने का लक्ष्य है। इसके लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।

 

कंडेला P-12 भारत में पानी के रास्ते सफर का नया विकल्प बन सकती है। हालांकि, इसके लिए चार्जिंग स्टेशन, रखरखाव और किराये की सही व्यवस्था जरूरी होगी। अगर यह योजना सफल रहती है तो आने वाले समय में दूसरे शहरों में भी ऐसी इलेक्ट्रिक फेरी देखने को मिल सकती हैं।


और पढ़ें