भारत में रक्षा तकनीक के क्षेत्र में दो बड़ी उपलब्धियां सामने आई हैं। 23 नवंबर को काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम 'ज्वाला MK-1' का राजस्थान के पोकरण में सफल परीक्षण किया गया। वहीं एंटी-सबमरीन युद्धपोत 'अशंक' को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। ज्वाला MK-1 को भारतीय कंपनी IG Defence ने तैयार किया है। अशंक का निर्माण कोलकाता की सरकारी कंपनी Garden Reach Shipbuilders and Engineers (GRSE) ने किया है।
इन दोनों सिस्टम से भारत की हवाई और समुद्री सुरक्षा मजबूत होगी। ज्वाला MK-1 दुश्मन के ड्रोन को हवा में ही मार गिराने में मदद करेगा। वहीं, अशंक समुद्र के कम गहरे पानी में छिपी दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने के काम आएगा। दोनों ही सिस्टम भारत में तैयार किए गए हैं। इससे विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हाइवे पर पहली बार उतरे सेना के 4 विमान, सफल लैंडिंग के बाद वहीं से भरी उड़ान
ज्वाला MK-1 कैसे करेगा दुश्मन के ड्रोन का सफाया?
ज्वाला MK-1 एक काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम है। इसे खास तौर पर दुश्मन के छोटे ड्रोन को रोकने के लिए बनाया गया है। इसकी मदद से 2 से 5 किलोमीटर की दूरी तक उड़ रहे ड्रोन को निशाना बनाया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, यह 50 मीटर से लेकर 5 हजार मीटर तक की ऊंचाई पर मौजूद ड्रोन को भी निशाना बना सकता है।
इसमें GRID नाम का AI आधारित सॉफ्टवेयर दिया गया है। यह सेंसर से मिलने वाली जानकारी के आधार पर ड्रोन की पहचान करने और उसे निशाना बनाने में मदद करता है। इसे वाहन पर लगे लॉन्चर से दागा जा सकता है। इससे सीमा पर होने वाली ड्रोन घुसपैठ रोकने और सैन्य ठिकानों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस सिस्टम को नोएडा की रक्षा कंपनी IG Defence ने तैयार किया है। 23 नवंबर को पोखरण में इसका सफल परीक्षण किया गया। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी कीमत सार्वजनिक नहीं की है।
अशंक से समुद्र में छिपी पनडुब्बियों पर रहेगी नजर
अशंक भारतीय नौसेना का एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (ASW-SWC) है। इसका काम समुद्र के कम गहरे पानी में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाना और जरूरत पड़ने पर उन्हें नष्ट करना है। इसमें आधुनिक सोनार सिस्टम लगे हैं। इनकी मदद से पानी के अंदर छिपी पनडुब्बियों का पता लगाया जा सकता है। इसमें हल्के टॉरपीडो और एंटी-सबमरीन रॉकेट लॉन्चर भी दिए गए हैं। यह समुद्र में बारूदी सुरंग बिछाने का काम भी कर सकता है। इसकी खास बात यह है कि यह वाटरजेट तकनीक से चलता है। इससे कम गहरे पानी में भी इसे चलाना आसान होता है।
अशंक को GRSE ने बनाया है। नौसेना को सौंपा गया यह आठ जहाजों की परियोजना का हिस्सा है। साल 2019 में GRSE को आठ ऐसे जहाज बनाने के लिए 6,311.32 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था। इस हिसाब से प्रति जहाज की औसत लागत करीब 789 करोड़ रुपये बैठती है। यह परियोजना की औसत लागत है, अशंक की अलग से बताई गई कीमत नहीं। जहाज में 80 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल हुआ है।
ज्वाला MK-1 जैसी तकनीक किन देशों के पास है?
दुनिया के कई देश ड्रोन हमलों को रोकने के लिए मिसाइल और दूसरे सिस्टम तैयार कर चुके हैं। अमेरिका के पास Coyote इंटरसेप्टर है। यह छोटे ड्रोन और ड्रोन के झुंड को निशाना बना सकता है। इजराइल का Drone Dome सिस्टम ड्रोन को पहचानने और रोकने के लिए बनाया गया है। इसके अलावा Iron Dome में इस्तेमाल होने वाली Tamir मिसाइल भी हवाई खतरों को रोक सकती है।
इनके अलावा चीन और रूस के पास भी ड्रोन और दूसरे हवाई खतरों से निपटने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम हैं। हालांकि, इन सभी की तकनीक और काम करने का तरीका ज्वाला MK-1 से पूरी तरह एक जैसा नहीं है।
अशंक जैसे युद्धपोत किन देशों के पास हैं?
समुद्र के कम गहरे इलाकों में पनडुब्बियों का पता लगाने के लिए कई देशों ने खास युद्धपोत तैयार किए हैं। स्वीडन के पास Visby-class corvettes हैं। ये पनडुब्बी रोधी अभियानों के साथ तटीय इलाकों में भी काम कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: क्या है मेश रेडियो? जिसे BITS के छात्रों ने बनाया; अब सेना की भी निगाह
चीन के Type 056A युद्धपोत भी पनडुब्बियों का पता लगाने के लिए बनाए गए हैं। अमेरिका के पास Littoral Combat Ships (LCS) हैं, जिन्हें तटीय इलाकों में कई तरह के समुद्री अभियान चलाने के लिए तैयार किया गया है। दक्षिण कोरिया के पास भी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत हैं। इन सभी जहाजों की बनावट और क्षमता अलग-अलग है। लेकिन इनका मकसद समुद्र में दुश्मन की पनडुब्बियों से निपटना और तटीय सुरक्षा मजबूत करना है।