सरकार ने शनिवार को बताया कि परिसीमन के बाद लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 816 हो सकती हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक नक्शा साझा किया है। नक्शे में दिखाया गया है कि हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को कितनी अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को दो परिसीमन विधेयकों को मंजूरी दी थी।
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन ढांचा भारत के संसदीय परिदृश्य को नया रूप देने की दिशा में अहम कदम है। विधेयकों में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। यह बढ़ोतरी सभी राज्यों में एक जैसी होगी और सीटें 2051 तक स्थिर रहेंगी।
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान के इशारे पर परिसीमन बिल ला रही BJP', प्रकाश अंबेडकर ने लगाया आरोप
अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय कानून मंत्री:-
परिसीमन को लेकर एक अच्छी बात यह है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव भी रखा गया है। दक्षिण हो या उत्तर, देश के हर राज्य की अपनी अहमियत है। विकास के साथ किसी भी राज्य के प्रतिनिधित्व का संतुलन बना रहना जरूरी है।
कौन से विधेयक संसद में आएंगे?
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन (दूसरा) विधेयक चार दिन के विशेष सत्र में लोकसभा में पेश किए जाने हैं। सत्र सोमवार से शुरू होकर 3 दिसंबर को खत्म होगा। सरकार ने लोकसभा को सोमवार और राज्यसभा को बुधवार को बुलाने को कहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा से परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पर संविधान के अनुच्छेद 117 (3) के तहत विचार करने की सिफारिश भी की है। यह अनुच्छेद वित्तीय विधेयकों से जुड़े विशेष प्रावधानों के बारे में है।
किस राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी?
नक्शे के मुताबिक उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो जाएंगी। महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और बिहार में 40 से 60 सीटें होंगी। तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 होंगी। कर्नाटक में 28 से 42 और केरलम में 20 से 30 सीटें होंगी।
राजस्थान और आंध्र प्रदेश में 25 से 38, गुजरात में 26 से 39 और तेलंगाना में 17 से 26 सीटें होंगी। पंजाब में सीटें 13 से बढ़कर 20 हो जाएंगी। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सभी बड़े राज्यों की हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी ही रहेगी। उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 14.73 प्रतिशत से बदलकर 14.71 प्रतिशत होगी।
यह भी पढ़ें: 'चंद्रबाबू और जगन मोहन जागो, लोकतंत्र की हत्या हो रही', परिसीमन पर बोले राहुल
आधी सीटों का क्या होगा?
विधेयकों में यह नहीं बताया गया है कि 50 प्रतिशत बढ़ोतरी में आने वाली आधी सीटों को कैसे पूरा किया जाएगा। यह स्थिति उन राज्यों में बनती है, जहां अभी सीटों की संख्या विषम है। अर्जुन राम मेघवाल ने जो नया नक्शा साझा किया है, इससे बदलाव का इशारा मिलता है। इसमें तमिलनाडु की 58.5 सीटें 59, आंध्र प्रदेश की 37.5 सीटें 38, पंजाब की 19.5 सीटें 20 और तेलंगाना की 25.5 सीटें 26 की गई हैं।
बदलाव का असर क्या पड़ेगा?
इस व्यवस्था की वजह से बढ़ोतरी लगभग, लेकिन पूरी तरह नहीं, एक समान रहेगी। एक सीट वाले केंद्रशासित प्रदेशों के मामले में सीट 2 हो जाएगी। करीब 100 फीसदी इजाफा। नए परिसीमन के बाद लोकसभा के सदस्यों की कुल संख्या 816 हो जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से भी यह दावा किया जा रहा है।