इंग्लैंड के लंदन शहर में साउथॉल इलाके के अंदर 26 साल के गुरभेज सिंह की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। गुरभेज सिंह पंजाब के तरनतारन जिले के मेहंदीपुर गांव के रहने वाले थे और उनके पिता मुख्तार सिंह ने गुरभेज के साथ रहने वाले दोस्तों पर ही इस हमले का आरोप लगाया है।
गुरभेज सिंह अपने माता-पिता की चार संतानों में सबसे छोटे थे और करीब चार साल पहले काम के लिए इंग्लैंड गए थे। उनके पिता मुख्तार सिंह जो मेहंदीपुर गांव के नंबरदार हैं ने बताया कि तीन दिन पहले दोस्तों ने फोन करके बताया कि गुरभेज को चोटें आई हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
पिता का आरोप है कि जिन दोस्तों ने सूचना दी उन्हीं ने धारदार हथियारों से गुरभेज पर हमला किया था। दोस्तों ने बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश तो की लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि उनकी जान नहीं बच सकी। अब परिवार ने भारत सरकार से न्याय दिलाने और शव को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: 'CBSE में जेबकतरे बैठे हैं...', रीचेकिंग विवाद के बहाने भड़के राहुल गांधी
यह मामला बुधवार का है जब पुलिस को रात 12:41 बजे धारदार हथियार से हमले की खबर मिली थी। यह हमला नॉर्थ रोड और डार्मर्स वेल्स लेन के चौराहे पर हुआ था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां दो लोग घायल हालत में मिले थे। इस हमले में गुरभेज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दूसरा 30 साल का घायल व्यक्ति इलाज के बाद अब अस्पताल से घर जा चुका है।
पुलिस की जांच
यह हमला बुधवार रात करीब 12:30 बजे एक दुकान के बाहर हुआ था। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से छह को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। सातवां व्यक्ति अभी जमानत पर है और उसे जांच के लिए पुलिस के सामने फिर आना होगा।
यह भी पढ़ें: अब खाने के पैकेट में नहीं चुभेगी स्टेपलर की पिन, FSSAI का देश भर में बड़ा एक्शन
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि अगर किसी ने उस रात वहां कुछ भी गलत देखा है या किसी के पास उस जगह का सीसीटीवी वीडियो है, तो वे तुरंत पुलिस को बताएं।