पश्चिम एशिया में तनाव और सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण अब हवाई सेवाओं पर असर पड़ने लगा है। IndiGo ने सऊदी अरब के चार शहरों के लिए आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स 17 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। कंपनी ने मंगलवार को इस संबंध में एक ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी कर दी है। जिन शहरों की फ्लाइट्स रद्द की गई हैं, उनमें रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि सऊदी अरब में बदलते हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
IndiGo ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। इसके लिए यात्री कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जानकारी ले सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि यात्रियों को उनकी बुकिंग के समय दिए गए मोबाइल नंबर पर जरूरी अपडेट भेजे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: CJP और कांग्रेस को जोड़ने वाली कड़ी या सबकी पसंद, आखिर क्या हैं नेहा बोरा?
आकासा एयर ने भी बंद की उड़ानें
सऊदी अरब में तनाव की स्थिति को देखते हुए IndiGo के साथ-साथ अन्य एयरलाइंस ने भी उड़ाने रद्द करने का फैसला किया है। आकासा एयर ने भी रियाद और जेद्दा के लिए अपनी सभी उड़ानों को 17 अक्टूबर तक सस्पेंड कर दिया है। जेद्दा में स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास ने भी सऊदी अरब आने-जाने वाले भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यात्रियों को दी सलाह
जेद्दा में भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने सोशल मीडिया पर भारतीय नागरिकों के लिए एक सलाह जारी की है, जिसमें उन्हें 17 अक्टूबर 2026 तक उड़ानों के रद्द होने की जानकारी दी गई है। कॉन्सुलेट ने सऊदी अरब आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें। ऐसा करने से रद्द या प्रभावित उड़ानों के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है। अब एयरलाइन कंरनियां यात्रियों को रिफंड और रिशेड्यूल के विकल्प उपलब्ध करवा रही हैं।
यह भी पढ़ें: 'पूरा INDIA गठबंधन जलकर भस्म हो जाएगा', राहुल गांधी पर भड़के एकनाथ शिंदे
सऊदी में तनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले करने का दावा किया है। इन हमलों के बाद अधिकारियों ने एयरपोर्ट को 17 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला किया है। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए संचालन बंद किया गया है। इसी बीच सोमवार देर रात, हूती लडाकों ने कहा क उन्होंने एयरपोर्ट पर एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। इस क्षेत्र में बढ़ते तनाव और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए IndiGo समेत कई एयरलाइंस ने अपनी फ्लाइट्स रद्द या स्थगित कर दी हैं।