अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में
डोनाल्ड ट्रंप
की रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उनकी हार पर सबसे अधिक मजे ईरान ले रहा है। भारत में ईरान के दूतावास ने 'द यूएस मिडटर्म इलेक्शंस' कैप्शन के साथ एक वीडियो शेयर किया है। इसमें चार लोग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उठाकर डस्टबिन में फेंकते दिखते हैं। डस्टबिन में अंग्रेजी में 'Hazardous Waste' यानी खतरनाक कचरा लिखा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी यह मीम सोशल मीडिया में खूब वायरल हैं।
'एक्स' सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डोनाल्ड ट्रंप के मीम वीडियो को लगभग 29 लाख लोग देख चुके हैं। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। अर्जुन नाम के एक यूजर ने लिखा, 'ईरान द्वारा किया गया पहला सफल रिजीम चेंज अभियान।' एक अन्य ने लिखा, 'वाशिंगटन में दिवाली से पहले घरों की सफाई हो रही है।' एक यूजर ने लिखा, 'ट्रंप ने ईरान में गलत लोगों से पंगा ले लिया। तेहरान ने अमेरिका में एक भी इमारत पर बम गिराए बिना वाशिंगटन में सत्ता परिवर्तन करवा दिया। यह तो कमाल की समझदारी है।'
यह भी पढ़ें: ईरान ने भारत को दिया बड़ा तोहफा, होर्मुज से बिना रोक-टोक गुजरेंगे जहाज
सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। अब अमेरिकी कांग्रेस यानी संसद का कंट्रोल रिपब्लिकन से डेमोक्रेट्स के पास शिफ्ट हो गया है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक पार्टी ने अब तक 228 सीटों पर जीत हासिल की है। यह बहुमत के आंकड़े से 10 सीट अधिक है। अभी 68 सीटों के नतीजे आने बाकी हैं। मतलब डेमोक्रेट्स की संख्या और बढ़ सकती है। ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन 139 सीटों पर सिमट गई है। वहीं सीनेट की 54 सीटों पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण हो गया है। वहीं रिपब्लिकन 44 सीटों पर सिमट गई है।
यह भी पढ़ें: टारगेट किलिंग: दुश्मन को चुन-चुनकर मारने का खौफनाक इजरायली तरीका
सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने टेक्सास, साउथ कैरोलिना और कैंसस जैसे रिपब्लिकन के गढ़ों में सेंधमारी की है। इस बीच ट्रंप ने चुनाव नतीजों को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने पार्टी की हार में ईरान युद्ध की भूमिका को स्वीकार किया है। ट्रंप ने कहा कि हम नतीजों को स्वीकार करने को तैयार हैं। हालांकि यह भी कहा कि अगर वह बैलेट पेपर पर होते तो भारी मतों से जीत होती।