भारत में लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब खाने के कम विकल्प मिलेंगे। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में खाने की लिस्ट छोटी कर दी है। अब नाश्ते, दोपहर और रात के खाने में पहले से कम चीजें मिलेंगी। फिलहाल यह बदलाव तीन वंदे भारत स्लीपर रूट पर किया गया है।
यह बदलाव 1 नवंबर से शुरू हो चुका है। IRCTC का कहना है कि इसका मकसद खाने की क्वालिटी सुधारना और साफ-सफाई का ध्यान रखना है। कम चीजें होने से खाने की गुणवत्ता पर नजर रखना आसान होगा। अभी यात्रियों की राय ली जा रही है। अगर लोगों को यह बदलाव पसंद आया तो इसे दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: क्या अब सुलझ गया रामदेव और बागेश्वर धाम के बीच विवाद? पढ़ें पूरा घटनाक्रम
इन तीन रूट पर शुरू हुआ ट्रायल
फिलहाल तीन वंदे भारत स्लीपर रूट पर नए मेन्यू का ट्रायल चल रहा है। इनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी जंक्शन रूट शामिल हैं। इस बार खाना बनाने की जिम्मेदारी रेलवे के पुराने वेंडरों के बजाय बड़ी क्लाउड किचन कंपनियों को दी गई है। IRCTC को उम्मीद है कि इससे खाने की क्वालिटी बेहतर होगी।
नाश्ते, लंच और डिनर में क्या बदला?
मुंबई-बेंगलुरु ट्रेन में अब नाश्ते के लिए तीन विकल्प मिलेंगे। यात्री इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से कोई एक चुन सकेंगे। इडली-वड़ा के साथ चटनी और सांभर भी मिलेगा। दोपहर और रात के खाने में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी या चिकन मिलेगा। पहले यात्रियों को खाने में ज्यादा विकल्प मिलते थे। अब नाश्ते में सूप, ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट नहीं मिलेंगे। वहीं, लंच और डिनर से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे आइटम भी हटा दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: दूध-सब्जियों की देशभर में सप्लाई के लिए पंजाब ने रेलवे से मांगे रेफ्रिजरेटेड कोच
नए मेन्यू में खाने की चीजें कम करने के साथ एक मील का वजन भी घटाया गया है। पहले एक बार के खाने का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था। अब यह घटकर 450 से 500 ग्राम रह गया है। हालांकि, IRCTC का कहना है कि किसी एक डिश की मात्रा कम नहीं की गई है। हर चीज की मात्रा पहले जैसी ही रहेगी। वजन इसलिए कम हुआ है, क्योंकि खाने में मिलने वाली चीजों की संख्या घटा दी गई है।
इन कंपनियों को मिला खाना बनाने का काम
IRCTC ने खाने की सप्लाई के लिए बड़ी कंपनियों से समझौता किया है। कामाख्या रूट के लिए मेफेयर ग्रुप, हावड़ा रूट के लिए ताजसैट्स और अन्य दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए सरोवर पोर्टिको ग्रुप को जिम्मेदारी दी गई है।
IRCTC के पश्चिमी जोन के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा के अनुसार, क्लाउड किचन से खाना मिलने के बाद खाने से जुड़ी शिकायतों में 10% की कमी आई है। पिछले कुछ सालों में यात्रियों ने ठंडा खाना, बासी भोजन और खाने में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें की थीं।
दूसरी ट्रेनों में भी लागू हो सकता है बदलाव
IRCTC अभी यात्रियों की प्रतिक्रिया देख रहा है। अगर नए मेन्यू का ट्रायल सफल रहता है तो इसे दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है। इसमें राजधानी, शताब्दी और दूसरी एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हो सकती हैं।