पंजाब सरकार ने राज्य के कृषि और डेयरी उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए रेलवे से वंदे भारत और शताब्दी जैसी ट्रेनों में रेफ्रिजरेटेड वैगन लगाने का प्रस्ताव रखा है। इससे दूध, सब्जियां, फल और जल्द खराब होने वाले अन्य उत्पाद कम समय में लंबी दूरी तक भेजे जा सकेंगे। सरकार का मानना है कि समय पर परिवहन की सुविधा मिलने से किसानों और डेयरी उत्पादकों को बड़े बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
पंजाब के कराधान एवं सहकारिता विभाग के सचिव अजीत बालाजी जोशी ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित ट्रेड मीट 2026 में यह मांग रखी। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास कृषि और डेयरी उत्पादों की बड़ी क्षमता है, लेकिन इन्हें दूरदराज के बाजारों तक ताजा हालत में पहुंचाना चुनौती है। उन्होंने रेलवे से तेज रफ्तार ट्रेनों के साथ विशेष रेफ्रिजरेटेड वैगन लगाने की व्यवस्था करने को कहा।
यह भी पढ़ें: जनता तय करेगी पंजाब का घोषणापत्र, गांव-गांव पहुंचेगी BJP की 'संकल्पानामा वैन'
वेरका की खीर-रबड़ी और आलू के लिए भी सुविधा की मांग
जोशी ने कहा कि वेरका की खीर और रबड़ी जैसे उत्पादों के साथ तैयार खाने के उत्पादों की देशभर में मांग है। समय पर डिलीवरी नहीं होने से इन्हें दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में मुश्किल आती है। रेफ्रिजरेटेड वैगन मिलने से आपूर्ति बेहतर हो सकेगी। उन्होंने आलू उत्पादकों के लिए भी विशेष माल डिब्बों की व्यवस्था की मांग की। इससे किसान अपनी फसल देश के अलग-अलग हिस्सों में भेज सकेंगे।
ट्रेड मीट का आयोजन अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडलों ने सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के सहयोग से किया। इसका मकसद गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच रेल से माल ढुलाई बढ़ाना और परिवहन लागत घटाना था।
जोशी ने बताया कि केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड उपलब्ध है। उनके मुताबिक रेलवे और पंजाब सरकार को मिलकर ऐसी परियोजनाएं बनानी चाहिए, जिनसे पंजाब और हरियाणा के कृषि उत्पाद देश के अलग-अलग बाजारों तक पहुंचें। उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ और लुधियाना के उद्योगों का जिक्र किया। उनका कहना था कि बंदरगाहों से स्टील स्क्रैप की सीधी ढुलाई होने पर कर चोरी रोकने में भी मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: पंजाब PCS भर्ती प्रक्रिया पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका
लौटते समय खाली न रहें मालगाड़ियां
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि माल ढुलाई की लागत घटाने के लिए दोनों दिशाओं में माल का परिवहन जरूरी है। उन्होंने बताया कि पंजाब और हरियाणा से चावल, आलू, खाद्यान्न और निर्यात कंटेनर गुजरात भेजे जा सकते हैं। वापसी में गुजरात से लकड़ी, नमक, उर्वरक, औद्योगिक उत्पाद और आयातित कंटेनर उत्तर भारत लाए जा सकते हैं। इससे खाली मालगाड़ियों की आवाजाही घटेगी और वैगनों का बेहतर इस्तेमाल होगा।
वेद प्रकाश ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच देना, उद्योगों की कनेक्टिविटी बेहतर करना और निर्यातकों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा देना है। बैठक में सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन रवींद्र कुमार अग्रवाल, अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया और अहमदाबाद की वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक अनु त्यागी समेत रेलवे, वेयरहाउसिंग और उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे।