पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना चुनावी संकल्पनामा तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस बार घोषणा पत्र जनता की भागीदारी से बनेगा। इसके लिए पार्टी गांव-गांव संकल्पनामा वैन भेजेगी और अलग-अलग जगहों पर सुझाव पेटियां लगाएगी। बीजेपी दिसंबर के मध्य तक घोषणा पत्र जारी कर सकती है।
रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब BJP मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस हुई। इसमें राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने प्रक्रिया की जानकारी दी। मंच पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: 'अब मारकर दिखा', सुखजिंदर रंधावा के लिए कैप्टन अमरिंदर ने गैंगस्टर को दी चुनौती
सुझाव देने के लिए तीन नंबर और व्हाट्सएप जारी
जनता से सुझाव लेने के लिए पार्टी ने तीन मोबाइल नंबर जारी किए हैं। पहला नंबर 7971943333 है, जिस पर फोन करके सुझाव दिए जा सकते हैं। दूसरा नंबर 9913002027 है। इस पर मिस्ड कॉल करने के बाद पार्टी के कॉल सेंटर से वापस फोन आएगा।
व्हाट्सएप पर सुझाव भेजने के लिए 7508560065 नंबर जारी हुआ है। पार्टी ने एक क्यूआर कोड भी जारी किया है। इसे स्कैन करके लोग सीधे सुझाव भेज सकते हैं।
117 सीटों पर तैयारी, AAP सरकार पर निशाना
BJP नेताओं ने कहा कि पार्टी पंजाब के लोगों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। संकल्पनामा में रोजगार, विकास, आर्थिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक गांवों और शहरों के लोगों की राय को महत्व दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन पंजाब पिछड़कर 22वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में राज्य पर कर्ज दोगुना हो गया है।
यह भी पढ़ें: पंजाब PCS भर्ती प्रक्रिया पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका
क्या कह रहे हैं केवल सिंह ढिल्लों?
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रदेश में नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिला है। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के विकास के लिए राज्य में डबल इंजन सरकार की जरूरत है। नेताओं ने कहा कि जनता को सुविधाएं देना गलत नहीं है, लेकिन उन्हें जारी रखने के लिए सरकार के पास राजस्व जुटाने की क्षमता भी होनी चाहिए।
BJP 22 राज्यों में सरकार चला रही है और वहां राजस्व के स्रोत तैयार किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार राजस्व बढ़ाने में विफल रही है। नेताओं ने कहा कि सत्ता में आने पर BJP मौजूदा सुविधाएं बंद करने के बजाय राजस्व बढ़ाने पर काम करेगी।
AAP से तुलना के सवाल पर नेताओं ने कहा कि BJP को 22 राज्यों में सरकार चलाने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि AAP दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद अब पंजाब में भी सरकार चलाने में विफल रही है। उम्मीदवारों की सूची पर पूछे गए सवाल पर नेताओं ने कहा कि नाम उचित समय पर घोषित किए जाएंगे। फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान जनता के सुझावों के आधार पर संकल्पनामा बनाने पर है।