जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाकर मार डाला।
हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए थे। इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली में शिकायत दर्ज, संसद में बने थे 'चंदा चोर'
छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे मजदूर
उन्होंने बताया कि दोनों मजदूर 20 से 30 वर्ष की आयु के थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। इस हमले से करीब 10 दिन पहले अनंतनाग शहर में भी आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पहले भी हुई है मजदूरों की हत्या
इससे पहले 2024 में जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में भी दो मजदूरों की आतंकियों ने हत्या कर दी थी। सात फरवरी 2024 को पंजाब के दो मजदूरों अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें: रोज एक केस निपटाएं तब भी लगेंगे 22 साल, बढ़ते केस के बोझ तले दबे हाई कोर्ट
घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज
हमले के बाद आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हमले की जिम्मेदारी लश्कर के मुखौटा संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने लेते हुए आने वाले दिनों में ऐसे और हमले करने की धमकी दी है।
वहीं, जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुरक्षाबलों को कड़े फैसले लेने का आदेश दिया है।