हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से रोड के साथ में रेल यात्रा प्रभावित हुआ है। इसी दौरान शिमला-कालका (SML-KLK) यूनेस्को विश्व धरोहर रेल खंड पर स्थित कोटी और घुम्मन स्टेशनों के बीच पुल संख्या 57 के पास शनिवार को भूस्खलन हो गया था, मगर रेलवे ने त्वरित कार्रवाई की। उत्तर रेलवे के कर्मचारियों ने एक त्वरित और निर्बाध बचाव अभियान चलाकर यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा से बचा लिया।
रेलवे ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस रूट से आने वाली चार ट्रेनों को तुरंत निर्धारित स्टेशनों पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया। रेलवे ने विपिन पौडवाल और दर्शन सिंह गिल के कोऑर्डिनेशन में बिना किसी देरी के स्थानीय परिचालन टीमों को मुस्तैद कर दिया।
यह भी पढ़ें: NEET PG एग्जाम के दौरान बिजली गुल, बंद हुए कंप्यूटर; परीक्षा रीशेड्यूल
शॉर्ट-टर्मिनेट होने वाली ट्रेनें
- ट्रेन संख्या 52456: सोलन (SOL)
- ट्रेन संख्या 52452: कोटी (Koti)
- ट्रेन संख्या 52460 52454: धर्मपुर हिमाचल (DMP)
सड़क वाहनों की व्यवस्था
रेलवे कर्मचारियों ने सोलन, कोटी और धर्मपुर हिमाचल से फंसे हुए यात्रियों को लाने के लिए 7 वाहनों (5 बड़ी बसें और 2 टेम्पो ट्रैवलर) के एक विशेष बेड़े का इंतजाम किया। लगभग 391 यात्रियों, 40 ट्रेन क्रू और IRCTC कर्मियों को सुरक्षित रूप से कालका स्टेशन वापस लाया गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने खुद काफिले की देखरेख की।
यह भी पढ़ें: शुद्धीकरण विवाद ने कैसे कांग्रेस को सियासी मौका दे दिया? नए हंगामे की पूरी कहानी
खान-पान और ऑन-ग्राउंड देखभाल
कालका स्टेशन पहुंचने पर सभी यात्रियों को 250 ताजे खाने के पैकेट और पानी की बोतलें दी गईं। वहीं, स्थानीय यात्री आराम से अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो गए, जबकि लगभग 120 यात्रियों को ट्रेन संख्या 13052 में बैठाया गया, जिसे निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से 01:30 बजे के लिए रीशेड्यूल किया गया था।
उत्तर रेलवे के कर्मचारियों द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, कुशल व्यवस्था और सहानुभूतिपूर्ण देखभाल की वजह से पूरा अभियान बिना किसी यात्री शिकायत के कालका स्टेशन पर रिफंड के अनुरोध के सुचारू रूप से संपन्न हुआ।