logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अमिताभ को धमकी देना पड़ा भारी? गोल्डी ढिल्लों के खिलाफ पुराने साथी आए सामने

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मन्ना ब्रैम्पटन और मंदीप स्पेन ने गोल्डी ढिल्लों पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जनवरी में जर्मनी में गोल्डी पर हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बचा।

Amitabh Bachchan And Goldy Dhillon

गोल्डी ढिल्लों और अमिताभ बच्चन। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो लोगों ने सोशल मीडिया पर कई दावे किए हैं। कनाडा में गैंग से जुड़े मन्ना ब्रैम्पटन और स्पेन में सक्रिय मंदीप स्पेन ने कहा कि इस साल जनवरी में जर्मनी में गोल्डी ढिल्लों पर हमला हुआ था। उनके अनुसार, इस हमले में गोल्डी बाल-बाल बचा और बाद में जर्मनी छोड़कर भाग गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

 

यह बयान गोल्डी ढिल्लों की ओर से अभिनेता अमिताभ बच्चन को धमकी दिए जाने के एक दिन बाद आया है। दोनों ने गोल्डी पर अमृतसर में LGBTQ+ इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या का आरोप भी लगाया। उन्होंने अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने के लिए गोल्डी को पब्लिसिटी पाने का भूखा बताया।

'जर्मनी में रेस्टोरेंट में बर्तन धोता था गोल्डी'

मन्ना ब्रैम्पटन और मंदीप स्पेन ने दावा किया कि गोल्डी जर्मनी में एक रेस्टोरेंट में बर्तन धोकर अपना खर्च चलाता था। उन्होंने कहा कि उसके पास अमिताभ बच्चन या उनके स्टाफ को निशाना बनाने की क्षमता नहीं है। दोनों ने गोल्डी के 1984 के सिख विरोधी दंगों का बदला लेने वाले दावे पर भी सवाल उठाए।

 

यह भी पढ़ें: आतंकी लतीफ भट का काला चिट्ठा, इन बड़े गुनाहों ने बनाया था मोस्ट वॉन्टेड

 

उनका कहना है कि गोल्डी ऐसा करके सिर्फ चर्चा में रहना चाहता है। उन्होंने उसे पंजाब का छोटा-मोटा चोर और नशे का कारोबार करने वाला बताया। साथ ही दावा किया कि उसके खिलाफ ड्रग्स बेचने और केबल वायर चोरी करने के मामले दर्ज हैं।

'हमले के समय चाकू लेकर घूम रहा था गोल्डी'

दोनों ने जर्मनी में हुए कथित हमले को लेकर भी दावा किया। उनके अनुसार, गोल्डी हथियारों की बातें तो बहुत करता था। लेकिन हमले के समय उसके पास बचाव के लिए सिर्फ एक चाकू था। इसी दौरान वह किसी तरह बच निकला और देश छोड़कर चला गया।

 

उन्होंने यह भी दावा किया कि कनाडा में गोल्डी को गैंगस्टर की दुनिया में पहचान दिलाने में उनकी भूमिका थी। उन्होंने उसके नाम को स्थापित करने के लिए 3 हत्याएं और 20 से 25 फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया था।

गोल्डी पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप

मन्ना और मंदीप ने गोल्डी पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि गोल्डी अपने साथियों से वारदात करवाता था। बाद में पुलिस को इसकी जानकारी देकर उन्हें गिरफ्तार करवा देता था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन घटनाओं की जिम्मेदारी लेकर खुद का नाम चमकाता था। दोनों ने गोल्डी को किसी भी देश में आमने-सामने आने की चुनौती दी। साथ ही दूसरे लोगों को उसके साथ काम न करने की चेतावनी भी दी। 

 

ध्यान दें सोशल मीडिया पर आया यह बयान इस बात का संकेत हो सकता है कि गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बीच दूरी बढ़ गई है। अमिताभ बच्चन को धमकी देने वाली अपनी पोस्ट में गोल्डी ने लॉरेंस बिश्नोई का नाम नहीं लिया था। हालांकि, उसने रॉकी पुर्तगाल और सुमन जर्मनी समेत कई लोगों का जिक्र किया था। इस वजह से गैंग के भीतर चल रही खींचतान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, गोल्डी और लॉरेंस गैंग के बीच रिश्तों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।


और पढ़ें