CJP नेता सौरव दास के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस की मांग पर लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। केंद्र सरकार ने गुरुवार (26 नवंबर) को दिल्ली हाईकोर्ट में यह जानकारी दी। जस्टिस अमित महाजन की अदालत में केंद्र की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा पेश हुए। वहीं सौरव दास की तरफ से वरिष्ठ वकील अखिल सिब्बल ने पक्ष रखा। केंद्र के अनुसार, यह LOC 22 और 23 नवंबर को जारी किया गया था।
सुनवाई के दौरान सौरव दास के वकील ने कहा कि उन्हें LOC के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने केंद्र से इसकी पूरी जानकारी मांगी। इस पर केंद्र के वकील ने कहा कि दास की कानूनी टीम खुद भी इसकी जानकारी हासिल कर सकती है। यहां तक कि जरूरत पड़ने पर इसे चुनौती दे सकती है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर तय की है।
यह भी पढ़ें: हाइवे पर पहली बार उतरे सेना के 4 विमान, सफल लैंडिंग के बाद वहीं से भरी उड़ान
LOC को सौरव दास ने क्यों दी चुनौती?
बता दें कि लुक आउट सर्कुलर यानी LOC एक तरह का अलर्ट होता है। इसे जांच एजेंसियां या सरकारी अधिकारी जारी कर सकते हैं। इसके जरिए किसी व्यक्ति की विदेश यात्रा पर नजर रखी जाती है। इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को देश छोड़ने से रोकने या विदेश जाने की कोशिश करने पर जांच एजेंसियों को सूचना देने के लिए होता है।
सौरव दास ने सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उनका आरोप है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देने के लिए लंदन जाने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि यात्रा से सिर्फ पांच घंटे पहले केंद्र सरकार ने उनके पासपोर्ट में गड़बड़ी का हवाला देते हुए कारण बताओ नोटिस भेजा था।
पासपोर्ट में गड़बड़ी को लेकर केंद्र ने क्या कहा?
केंद्र के वकील ने अदालत में कहा कि सौरव दास को विदेश जाने से मना करने की सलाह दी गई थी। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को पुडुचेरी के पुलिस अधिकारियों ने जांच की थी। इसमें दास के जन्मस्थान, पढ़ाई, पते और माता-पिता से जुड़ी जानकारी की जांच हुई थी। केंद्र का कहना है कि दास ने पासपोर्ट में पिता का नाम वाला कॉलम खाली छोड़ा था।
यह भी पढ़ें: शरद पवार की फिर बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती; बैठक छोड़ सुप्रिया सुले रवाना
केंद्र ने यह भी कहा कि पासपोर्ट में कई गड़बड़ियां मिली हैं। इनका असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। इस मामले में 30 अगस्त को मद्रास हाईकोर्ट में पहले ही याचिका दाखिल की जा चुकी है। जांच के बाद 23 नवंबर की शाम 7:32 से 7:59 बजे के बीच सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।