टीवी के मशहूर सीरियल 'महाभारत' में भीम का किरदार निभा चुके एक्टर और पहलवान सौरभ गुर्जर एक मामले में फंस गए हैं। मुंबई में एक महिला ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सौरभ ने उन्हें शादी का झूठा वादा देकर उनसे रिश्ता बनाए रखा। फिर बाद में अचानक उनसे अलग हो गए। महिला के अनुसार, सौरभ ने उन्हें पत्नी जैसे अधिकार देने और साथ मिलकर बिजनेस शुरू करने का झांसा दिया था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि दोनों की पहली बार बातचीत साल 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों व्हाट्सऐप पर बात करने लगे और करीब आ गए। महिला का दावा है कि उसी साल 25 दिसंबर को दोनों पहली बार आमने-सामने मिले जिसके बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ा।
यह भी पढ़ें: 'राइज एंड फॉल 2' में जनता के पास होगी पावर, प्रोमो में सामने आया नया ट्विस्ट
मानसिक रूप से परेशान करने का दावा
पीड़ित महिला ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि वह अमेरिका में काम करती थीं। सौरभ उनके साथ वहां रह चुके हैं। भारत लौटने के बाद भी दोनों साथ ही रह रहे थे। महिला का आरोप है कि सौरभ के कहने पर ही उन्होंने अमेरिका की अपनी नौकरी छोड़ दी थी। उनका कहना है कि सौरभ ने उनके साथ मिलकर नया बिजनेस शुरू करने का भरोसा दिया था।
महिला ने शिकायत में कहा कि उन्होंने कई बार उनसे शादी की बात की। सौरभ उनका फोन नंबर ब्लॉक कर देते थे और उनसे दूरी बना लेते थे। इस लगातार तनाव और मानसिक उत्पीड़न की वजह से उनका करियर पूरी तरह बर्बाद हुआ और वह अपने काम पर ध्यान नहीं दे पाईं।
यह भी पढ़ें: Mysaa का टीजर देख भूल जाएंगे 'एनिमल', रश्मिका के ऐक्शन ने जीता दिल
हैदराबाद में दोनों साथ रहे
शिकायत के अनुसार, सौरभ गुर्जर अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच हैदराबाद में महिला के साथ लिव-इन में रहे। मार्च के बाद वह महिला को बिना कुछ बताए अचानक गायब हो गए। साथ ही उनसे पूरी तरह से संपर्क खत्म कर लिया। एक्टर के इस रवैये से परेशान होकर महिला ने आखिरकार पुलिस और कानून का रास्ता अपनाया।