अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक और 6 यूक्रेनी नागरिकों को दिल्ली की एक कोर्ट ने 24 फरवरी 2027 तक भारत से बाहर रहने की अनुमति दी है। इन सभी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 13 मार्च 2026 को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। इन पर म्यांमार में जातीय सशस्त्र समूहों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने का आरोप था। मैथ्यू तिहाड़ जेल से रिहा होकर अमेरिका लौट गए हैं लेकिन अब खबर सामने आई है कि उन्होंने तिहाड़ जेल में प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने अब तिहाड़ जेल में उनकी कैद के दौरान कथित मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मैथ्यू वैनडाइक का दावा है कि जेल में उन्हें कई बार पीटा गया, सीने और हाथों पर पुलिस ने डंडे से वार किए गए तथा चोट लगने के बाद भी करीब 24 घंटे तक मेडिकल हेल्प नहीं दी गई। उन्होंने इन आरोपों का जिक्र अगस्त 2026 में अमेरिकी दूतावास को भेजे गए एक एफिडेविट में किया था। यह हलफनामा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने से करीब दो हफ्ते पहले भेजा गया था। अब यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।
यह भी पढ़ें: लास्ट तक टिकने वाला बनेगा विजेता, चंडीगढ़ में होगी बैकयार्ड अल्ट्रा मैराथन
रूस को लेकर क्या दावा किया?
मैथ्यू वैनडाइक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अपनी गिरफ्तारी को रूस-यूक्रेन युद्ध से जोड़ने की भी कोशिश की। उन्होंने लिखा कि भारत ने उन्हें और कई यूक्रेनी नागरिकों को छह महीने से अधिक समय तक जेल में रखा और यह रूस के यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का हिस्सा था।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले महीनों में वह इस पूरे मामले से जुड़े चौंकाने वाले तथ्यों का खुलासा सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया इंटरव्यू के माध्यम से करेंगे। अपने हलफनामे में उन्होंने अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों से भारतीय अधिकारियों के सामने जेल में कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाने की अपील की थी। उन्होंने परिवार को भी संदेश भेजकर जेल में अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी थी।
जेल प्रशासन ने क्या कहा?
इस मामले में जेल प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में घटनाक्रम की जो तस्वीर सामने आई है, वह वैनडाइक के आरोपों से अलग है। प्रशासन का दावा है कि वैनडाइक ने पहले एक हथियारबंध पुलिसकर्मी पर शारीरिक हमला किया था। इसके बाद पुलिसकर्मी ने सुरक्षा के लिहाज से उसे काबू में किया। जेल अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई को परिस्थितियों के अनुसार जरूरी बताया है।
इस मामले में जेल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज कोर्ट में पेश की है। जेल प्रशासन ने कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पुलिसकर्मी ने बिना किसी कारण के वैनडाइक के साथ मारपीट नहीं की थी। बल्कि जेल परिसर की सुरक्षा और किसी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई थी।
यह भी पढ़ें: कुलगाम में सुरक्षा बलों के नाके पर हमला, CRPF के दो जवान घायल
कौन हैं मैथ्यू वैन डाइक?
मैथ्यू वैन डाइक का जन्म अमेरिका के बाल्टीमोर में हुआ था। उनकी कई पहचान हैं। वह अमेरिकी नागरिक होने के साथ-साथ पूर्व लड़ाके, सैन्य प्रशिक्षक, सुरक्षा विशेषज्ञ, पत्रकार और डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता भी हैं। उन्होंने 2010 में अफगानिस्तान में युद्ध की रिपोर्टिंग की थी। वह कई देशों के गृहयुद्धों और सशस्त्र संघर्षों में शामिल रह चुके हैं। NIA ने मार्च 2026 में मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को अलग-अलग हवाई अड्डों से गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप था कि वे बिना आवश्यक अनुमति मिजोरम पहुंचे और वहां से म्यांमार जाकर सशस्त्र समूहों को ड्रोन संचालन, असेंबली और जैमिंग तकनीक का प्रशिक्षण देने में शामिल थे।