आमतौर पर किसी मैराथन में फिनिश लाइन होती है और उसे पार करने के बाद धावक उस मौराथन को पूरा कर लेता है। अभी तक लोगों के दिमाग में मैराथन का यही फॉर्मेट है लेकिन एक ऐसी अनोखी अल्ट्रा मैराथन भी है, जिसमें न तो कोई निश्चित फिनिश लाइन होती है और न ही दौड़ने की दूरी तय होती है। इसमें हिस्सा लेने वाले लोगों को हर घंटे 6.706 किलोमीटर का एक चक्कर पूरा करना होता है। अगला चक्कर शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर शुरुआती स्थान पर पहुंचना जरूरी है। जो धावक समय पर नहीं पहुंच पाता या आगे दौड़ने में असमर्थ होता है, वह प्रतियोगिता से बाहर हो जाता है।
यह सिलसिला तब तक जारी रहता है, जब तक सभी प्रतिभागियों के रुकने के बाद केवल एक धावक मैदान में बचा रहता है। इसी अनोखे प्रारूप को बैकयार्ड अल्ट्रा (Backyard Ultra) कहा जाता है। इस प्रतियोगिता का अगला आयोजन 14 नवंबर, शनिवार को चंडीगढ़ में किया जा रहा है। इसका आयोजन चंडीगढ़ मोहाली रोड पर स्थित अरमान स्टड फार्म में होगा।
बैकयार्ड अल्ट्रा की शुरुआत अमेरिका के टेनेसी राज्य के बेल बकल में हुई थी। इस अनोखे रेसिंग फॉर्मेट की परिकल्पना गैरी लेजरस लेक कैंट्रेल ने की थी। इस फॉर्मेट में हर घंटे एक नया राउंड शुरू होता है, जिसे यार्ड कहा जाता है। प्रत्येक यार्ड में 6.706 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है। एक घंटे के भीतर चक्कर पूरा करने के बाद बचा हुआ समय धावक आराम करने, भोजन करने, पानी पीने और अगले राउंड की तैयारी में लगा सकता है। लेकिन अगली घंटी बजने पर सभी को शुरुआती घेरे में मौजूद रहना जरूरी है।
यहां तेज दौड़ना ही सफलता की गारंटी नहीं है, बल्कि सही स्पीड, धैर्य, शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती सबसे ज्यादा मायने रखती है। आधिकारिक अल्ट्रा श्रेणी में आखिरी बचा धावक भी एक अतिरिक्त चक्कर अकेले पूरा करता है, तभी उसे विजेता घोषित किया जाता है। बाकी प्रतिभागियों का परिणाम डीएनएफ (Did Not Finish) दर्ज होता है।
भारत में भी मशहूर हो रहा यह
भारत में इस फॉर्मेट को लोकप्रिय बनाने का काम बिगफुट एडवेंचर्स इंडिया कर रहा है। साल 2024 में पुणे से शुरू हुई इस पहल के संस्थापक और रेस डायरेक्टर विकास सोलंकी हैं। वह स्वयं अल्ट्रा रनर हैं और गुरुग्राम में आयोजित इंडिया बैकयार्ड अल्ट्रा में हिस्सा लेने के बाद इस फॉर्मेट से प्रभावित हुए थे। इसके बाद उन्होंने भारत के अलग-अलग शहरों में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की पहल की। 2026-27 सीजन में पुणे, अहमदाबाद, चंडीगढ़, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों में इसके आयोजन प्रस्तावित हैं। अलग-अलग शहरों में कुल आठ रेस चैप्टर रखे गए हैं।
शनिवार को चंडीगढ़ में होगा आयोजन
शनिवार 14 नवंबर को चंडीगढ़ में इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा और इसके लिए अरमान स्टड फार्म को चुना गया है। यहां 6.706 किलोमीटर का निर्धारित रूट धावकों को धान के खेतों, गांव की गलियों, कच्चे रास्तों और यूकेलिप्टस के पेड़ों से घिरी सड़कों से होकर ले जाएगा। रूट पर पक्की सड़क, मिट्टी और खेतों के रास्ते होंगे। इस मैराथन में तीन श्रेणियां रखी गई हैं। बैकयार्ड-4 में चार चक्कर यानी 26.8 किलोमीटर, बैकयार्ड-8 में आठ चक्कर यानी 53.6 किलोमीटर और बैकयार्ड अल्ट्रा में बिना किसी दूरी की सीमा के दौड़ना होगा। पहली दो श्रेणियों में निर्धारित चक्कर पूरे करने वाले प्रतिभागी फिनिशर होंगे, जबकि वास्तविक विजेता का फैसला केवल अंतिम श्रेणी में होगा।
आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह 5 बजे से धावकों की रिपोर्टिंग शुरू होगी। सुबह 6:15 बजे सभी प्रतिभागियों के लिए रेस ब्रीफिंग अनिवार्य रखी गई है, जबकि सुबह 7 बजे प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया जाएगा। प्रत्येक घंटे इसी समय के अंतराल पर अगला चक्कर शुरू होगा। रात होने के बाद धावकों के लिए हेडलैंप और रिफ्लेक्टिव जैकेट या टेप पहनना अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखनी होगी, क्योंकि रेस के दौरान आयोजन स्थल पर ही सहायता उपलब्ध होगी और रास्ते में अलग से सहायता केंद्र नहीं रहेगा।