नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये लीटर महंगा हो गया है। देश की सबसे बड़ी प्राइवेट ईंधन खुदरा विक्रेता नायरा एनर्जी ने यह कदम उठाया है। नई कीमतें नायरा के अधिकृत पेट्रोप पंपों पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई।
जुलाई महीने में वैश्विक तेल सप्लाई में सुधार आने के बाद नायरा ने कीमतों में इतने ही रुपये की कटौती की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और रिफाइंड-प्रोडक्ट की बढ़ती लागत के बीच कंपनी ने यह कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें: नोएडा में 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, खौफनाक वीडियो आया सामने; वजह भी पता चली
पहले भी कीमत बढ़ा चुकी नायरा
नायरा देशभर में 7,108 पेट्रोल पंपों का संचालन करती है। इस साल की शुरुआत में जब ईरान संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई थी तब अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में हुई वृद्धि का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने वाली नायरा पहली ईंधन खुदरा विक्रेता थी।
कंपनी ने 26 मार्च को पेट्रोल की कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। सरकारी कंपनियों ने मई महीने में कीमतों में इजाफा किया था। जुलाई में नायरा ने पेट्रोल के दाम पर पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल पर तीन रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी।
यह भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर से गिराया जा रहा था राहत पैकेट, बाढ़ पीड़ित की छाती पर गिरा, हुई मौत
हूती विद्रोहियों ने बढ़ाई चुनौती
लाल सागर में हूती विद्रोहियों की पकड़ मजबूत होने के बाद से सऊदी अरब का तेल निर्यात प्रभावित हुआ है। होर्मुज से पहले ही ऊर्जा व्यापार ठप है। सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच पूर्ण जंग का खतरा बढ़ गया है। इस बीच अमेरिका ने एक अन्य युद्धपोत मध्य-पूर्व भेजा है। 10000 जवानों की तैनाती कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रंप आने वाले दिनों में ईरान के खिलाफ हमलों की नई लहर शुरू कर सकते हैं।