बिहार के सारण जिले में शुक्रवार को बाढ़ राहत अभियान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां हेलिकॉप्टर से पीड़ितों के लिए सूखे राशन के पैकेट गिराए जा रहे थे। एक पैकेट गांव के शख्स के ऊपर जा गिरा, जिससे बुर्जुग की मौके पर ही मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान एक महिला और उसके दो बच्चे भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर से गिराया जा रहा राहत पैकेट करीब 5 किलो का था।
बताया जा रहा है कि यह घटना 2 अक्टूबर 2026 को अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में हुई, जहां बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत पैकेट गिराए जा रहे थे। शख्स की पहचान 58 वर्षीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। शख्स के ऊपर दो बार लगातार राहत सामग्री का पैकेट गिरा।
यह भी पढ़ें: नोएडा में 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, खौफनाक वीडियो आया सामने; वजह भी पता चली
शख्स की मौत से लोगों में बढ़ा आक्रोश
परशुरामपुर गांव में इन दिनों बाढ़ की वजह से जिंदगी सामान्य नहीं है। सड़कें पानी में डूब गई हैं, कई इलाके मुख्य रास्तों से कट गए हैं। ऐसे में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर से राहत पैकेट नीचे गिराया जा रहा है। परशुरामपुर में भी लोग राहत पैकेट के इंतजार में थे लेकिन कुछ मिनट बाद इसी राहत सामग्री से गांव के एक घर में मातम पसर जाएगा।
अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। वहीं दूसरी शख्स की मौत की खबर फैलते ही गांव में गुस्सा बढ़ गया। बाढ़ से परेशान लोग पहले ही मुश्किल में थे और अब शख्स की मौत ने लोगों को और आक्रोशित कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर रास्ता बंद कर दिया था।
यह भी पढ़ें: पैसा वसूल या उम्मीदों पर पानी, 'दृश्यम 3' पर क्या कह रहे लोग?
महिला और दो बच्चे भी हुए घायल
इसके अलावा, गांव की रहने वाली रंभा देवी अपने दो बच्चों के साथ घर की छत पर खड़ी थीं। हेलिकॉप्टर का इंतजार करते वक्त जब हेलिकॉप्टर करीब होकर गुजरा तो तेज हवा के कारण रंभा देवी बैलेंस खो बैठीं और छत से बगल के मकान पर जा गिरीं। वहीं, उनके दोनों बच्चों के पैरों में फ्रैक्चर होने की बात कही जा रही है। इस घटना के बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक ही गांव में राहत सामग्री पहुंचाने के दौरान दो अलग-अलग हादसे हुए।