पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह 8.45 बजे मौत हो गई। हादसे में पवार के साथ विमान में सवार चार अन्य की भी मौत हो गई। वह मुंबई से बारामती जा रहे थे। अजित पवार की मौत के बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर है। दुख की इस घड़ी में बारामती में समूचा पवार परिवार अपने 'दादा' के लिए इकट्ठा है। अजित पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार (राज्य सभा सांसद) और दो बेटे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। साथ ही बुधवार को महाराष्ट्र सरकार के सभी ऑफिस बंद रहेंगे। इस बीच आज यानी गुरुवार को अजित पवार का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: अब BJP के कलराज मिश्रा ने किया UGC गाइडलाइन्स का विरोध, कहा- असंवैधानिक है
पुलिस ने दर्ज की ADR
इस बीच अजित पवार और चार अन्य की मौत के संबंध में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है। यह ADR बारामती तालुका पुलिस थाने में दर्ज की गई है। प्रक्रिया के मुताबिक, ADR को महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (CID) को सौंपी जाएगी, जो वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर जांच करेगी। एएआईबी ने दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली है।
आज होगा अंतिम दर्शन
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार के पार्थिव शरीर को उनके गृह क्षेत्र बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के परिसर में रखा गया है। आज अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। यह यात्रा विद्या प्रतिष्ठान कैंपस से शुरू होगी, जो शहर से गुजरेगी और अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान पर समाप्त होगी।
यह भी पढ़ें: ‘पापा कल बात करूंगी’, अजित पवार के विमान की केबिन क्रू ने पिता से क्या बताया?
शरद पवार ने क्या कहा?
वहीं, NCP (SP) के अध्यक्ष शरद पवार ने अजित पवार के प्लेन क्रैश पर हो रही सियासत को गलत बताया और कहा कि इस घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'उनकी मौत कभी न भरने वाला नुकसान है। अजित की मौत महाराष्ट्र के लिए एक बड़ा सदमा है, जिसने एक मेहनती और काबिल नेता खो दिया है। सब कुछ हमारे हाथ में नहीं है।'
अमित शाह पहुंचेगें बारामती
अजित पवार की मौत के बाद शोक संतप्त एनसीपी कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय निवासी काफी संख्या में अंतिम दर्शन करेंगे। वहां मौजूद लोगों ने दिवंगत नेता के सम्मान में नारे लगाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारामती जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की कोई पुष्टि नहीं हुई है।