NEET-UG परीक्षा रद्द होने के एक महीने बाद अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई है। लाखों छात्र इस उम्मीद में हैं कि 3 जून की तरह पेपर लीक नहीं होगा और बेहतर नतीजे आएंगे। पिछले एक महीने से छात्रों में काफी तनाव और चिंता रही, जबकि पेपर लीक के मामले में सरकार की काफी आलोचना हुई है।
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार सुरक्षा के बहुत बड़े इंतजाम किए हैं। पूरे देश में 51,311 जैमर लगाए गए हैं, जबकि 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। 95,000 परीक्षा हॉल में हर कमरे में एक-एक सीसीटीवी कैमरा और दो इनविजिलेटर तैनात रहेंगे।
यह भी पढ़ें: NEET परीक्षा से पहले एक और छात्र की मौत, गाजियाबाद में जतिन ने की खुदकुशी
AI से स्टाफ तक, नकल रोकने के इंतजाम क्या हैं?
AI टूल्स कैमरों की फुटेज पर नजर रखेंगे। हर केंद्र पर 10 से ज्यादा अतिरिक्त स्टाफ, 6,700 ऑब्जर्वर और 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। तलाशी और चेकिंग भी बहुत सख्त होगी। 48,448 कर्मचारी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए लगाए गए हैं। बायोमेट्रिक स्टाफ दोगुना कर दिया गया है और फेस ऑथेंटिकेशन भी होगा। 38,795 स्टाफ तालाशी के लिए तैनात रहेंगे।
OMR शीट्स के लिए सुरक्षा के इंतजाम क्या हैं?
OMR शीट्स की सुरक्षा के लिए करीब 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारी और 700 केंद्रों पर डाक विभाग की टीम तैनात रहेगी। हर परीक्षा केंद्र पर 40-50 सुरक्षाकर्मी रहेंगे। पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: 37 दिन में 13 छात्रों की खुदकुशी, NEET पेपर लीक की भेंट चढ़ने वाले छात्र कौन थे?
20 जून को हुई थी देशभर में मॉक ड्रिल
कल 20 जून को देशभर में मॉक ड्रिल भी की गई, जिसमें सीसीटीवी, जैमर और बायोमेट्रिक सिस्टम की जांच की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर क्या इंतजाम हैं?
गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, एंबुलेंस और छायादार इंतजाम किए गए हैं। छात्रों को वॉल क्लॉक, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त रफ वर्क शीट और लेफ्ट हैंडेड छात्रों के लिए खास व्यवस्था दी जाएगी।
NTA ने क्या कहा है?
एनटीए ने कहा है कि दोबारा परीक्षा से पहले कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-पेपर मोड में होगी। इस बार कुल 22.79 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे।