दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा हो जाती है और आम दिनों में चलने वाली ट्रेनों में सभी को जगह मिल पाना मुश्किल होता है। ऐसे में रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिये त्योहारों के मौके पर स्पेशल ट्रेनें चलाता है। इस साल भी उत्तर रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेने चलाई हैं और आज फिर से पांच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों से पंजाब और हरियाणा के यात्रियों को बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग शहरों तक पहुंचने के लिए सुविधा मिलेगी।
उत्तर रेलवे की ओर से 28 अक्टूबर को प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि चार ट्रेनें लुधियाना जंक्शन से सहरसा, दरभंगा, गया और कोलकाता के लिए चलाई जाएंगी, जबकि पांचवीं ट्रेन सरहिंद से सहरसा के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेनें नवंबर महीने में निर्धारित तारीखों पर चलाई जाएंगी। रेलवे का यह फैसला त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए अहम है।
यह भी पढ़ें: वायरल हुई हरियाणा की शाही शादी, कौन हैं शाहनवाज हुसैन के समधी अकरम खान?
लुधियाना से सहरसा
पंजाब के लुधियाना से सहरसा के बीच ट्रेन संख्या 04656/04655 कुल तीन-तीन फेरे लगाएगी। लुधियाना से यह ट्रेन 6, 9 और 11 नवंबर को शाम 5:35 बजे रवाना होगी और वापसी में ट्रेन संख्या 04655 सहरसा से 8, 11 और 13 नवंबर को सुबह 3:50 बजे रवाना होगी। रास्ते में ट्रेन धंडारी कलां, सरहिंद, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, बरौनी और खगड़िया समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे पंजाब में काम करने वाले बिहार के प्रवासी श्रमिकों और अन्य यात्रियों को अपने घर तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
दरभंगा और गया के लिए भी ट्रेनें
लुधियाना से दरभंगा के लिए ट्रेन संख्या 04662/04661 तीन-तीन फेरे लगाएगी। लुधियाना से यह ट्रेन 7, 10 और 11 नवंबर को सुबह 6:30 बजे चलेगी, जबकि दरभंगा से वापसी की यात्राएं 8, 11 और 12 नवंबर को निर्धारित हैं। इस रूट पर राजपुरा, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा, गया जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 04664/04663 चलाई जाएगी। यह ट्रेन 12 नवंबर को लुधियाना से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी और 13 नवंबर को गया से वापसी करेगी। इसके मार्ग में रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन पड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: जज बनते-बनते हर बार चूक क्यों जाते हैं गे एडवोकेट सौरभ कृपाल?
कोलकाता के लिए एक फेरा
पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 04666/04665 लुधियाना और कोलकाता के बीच एक-एक फेरा लगाएगी। लुधियाना से यह ट्रेन 6 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होगी, जबकि कोलकाता से वापसी 7 नवंबर को होगी। इस रूट में अंबाला कैंट, सहारनपुर, गोरखपुर, छपरा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल, दुर्गापुर और बंडेल जैसे स्टेशन शामिल हैं। वहीं, ट्रेन नंबर 04528/04527 सरहिंद से सहरसा और वापसी में सहरसा से अंबाला कैंट के लिए अनारक्षित स्पेशल सर्विस होगी। सरहिंद से यह ट्रेन 5, 9 और 12 नवंबर को चलेगी, जबकि वापसी की ट्रिप 6, 10 और 13 नवंबर को निर्धारित हैं।