संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र से पहले सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। सोशल मीडिया और तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि परिसीमन बिल पर सरकार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का साथ मिल सकता है। तमाम सियासी कयासबाजी पर डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसद सीटों से कम हिस्सेदारी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एक लंबे चौड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर एमके स्टालिन ने लिखा, 'भारत में डीएमके पहली पार्टी थी, परिसीमन (delimitation) से होने वाले संभावित नुकसानों के खिलाफ आवाज उठाई थी। पहली बार बैठक भी चेन्नई में आयोजित की गई थी। इसमें निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर देशभर के नेता एक साथ आए थे।'
यह भी पढ़ें: हेड कांस्टेबल ने थाने से चुराकर गिरवी रखा 1 करोड़ का सोना, अब हो गया गिरफ्तार
डीएमके ने कहा कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित है। इसे इसी आधार पर बनाए रखने की व्यवस्था की गई थी। पार्टी ने मांग कि अगले 25 सालों तक इसी आधार पर लोकसभा की सीट का परिसीमन रखा जाना चाहिए।
7.18% से कम हिस्सेदारी मंजूर नहीं
एमके स्टालिन ने कहा, 'अगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है तो किसी भी स्थिति में तमिलनाडु की हिस्सेदारी उसके मौजूदा 7.18% से कम नहीं होनी चाहिए।' उन्होंने तर्क दिया कि 1971 की जनगणना के आधार पर तय किया गया और पहले से ही 'फ्रीज' किया गया कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक वैसा ही बना रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें: बेरोजगारी भत्ता, नौकरी और दलितों पर जोर, 5 साल में कितने बदले सपा के वादे?
हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं: डीएमके
उन्होंने कहा, 'डीएमके आज भी इन दोनों बातों पर पूरी तरह अडिग है और आगे भी रहेगी। हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता! मीडिया में फैलाई जा रही अटकलें और पीठ में छुरा घोंपने वालों की बड़बड़ाहट हमारे रुख को जरा भी नहीं डिगा सकती।' स्टालिन ने कहा कि डीएमके कभी भी तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेगी। और न ही वह अपने सिद्धांतों से भटकेगी।