logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बेरोजगारी भत्ता, नौकरी और दलितों पर जोर, 5 साल में कितने बदले सपा के वादे?

समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी मैनिफेस्टो जारी कर दिया है। 2022 की तुलना में यह मैनिफेस्टो छोटा है लेकिन कई नए वादे भी किए गए हैं। कुछ वादे ठीक पिछली बार वाले ही हैं।

मैनिफेस्टो जारी करते सपा के नेता, Photo Credit: PTI

मैनिफेस्टो जारी करते सपा के नेता, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी सबसे आगे चल रही है। पांच उम्मीदवार उतारने के बाद सपा ने गुरुवार को अपना मैनिफेस्टो जारी कर दिया। इस मैनिफेस्टो को देखकर यह समझा जा सकता है कि सपा का फोकस दलित, महिला और युवा वोटरों पर सबसे ज्यादा है। साथ ही, कई पुराने वादों को भी शामिल किया गया है। सपा ने 25 लाख नौकरियां देने, बेरोजगार युवाओं को 5000 रुपये का भत्ता देने, बुजुर्गों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने जैसे वादे किए हैं। सपा ने 2012 से 2017 के दौरान चली कई योजनाओं को फिर से शुरू करने का भी एलान किया है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घिरने वाली सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार बनी तो अपराधियों का बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे किसी भी जाति या धर्म के हों।

 

मैनिफेस्टो जारी करने के बाद अखिलेश यादव ने किए गए वादों को पूरा करने के लिए पैसों की व्यवस्था और राजस्व के स्रोतों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने एक अलग दस्तावेज तैयार कराया है, जिसमें अगले पांच वर्षों में प्रस्तावित योजनाओं के लिए धन जुटाने का पूरा खाका दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कवायद में वित्तीय और प्रशासनिक मामलों के अनुभवी अधिकारियों की मदद ली गई है ताकि प्रमुख योजनाओं की व्यावहारिकता का आकलन किया जा सके।

2027 के लिए सपा के बड़े वादे

युवाओं के लिए: 5 साल में 25 लाख नौकरियां, बेरोजगारों के लिए 5000 रुपये का भत्ता, 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार, बड़े शहरों में होस्टल, 20 लाख युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और उच्च शिक्षा मुहैया कराने का एलान 

 

यह भी पढ़ें: UP विधानसभा चुनावों के लिए सपा का घोषणापत्र जारी, पढ़ें क्या-क्या एलान किया?

 

शिक्षा: GSDP का 6 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च, 12वीं पास बच्चों को लैपटॉप, बंद हुए 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को फिर से खोलने, अनएडेड स्कूलों को विशेष मानसिक अनुदान और शिक्षामित्रों के मानदेय में 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी जैसे वादे।

 

सामाजिक न्याय: प्राइवेट स्कूलों में रिजर्व कैटगरी के छात्रों की फीस सरकार देगी, 5 रुपये में समाजवादी थाली, बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार सालाना पेंशन और 50 करोड़ तक के ठेके में दलित और PDA के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण।

 

इसके अलावा, MSP, किसानों की कर्जमाफी, 300 यूनिट फ्री बिजली, गरीबों के लिए 10 लाख रुपये का इंश्योरेंस, वृद्ध लोगों के लिए 10 हजार रुपये की सालाना पेंशन, हर तहसील मुख्यालय को 4 लेन नेटवर्क से जोड़ने, 24 घंटे बिजली देने, टूरिज्म बढ़ाने, पुराने पेंशन लागू करने, सरकारी सेवाएं डोर स्टेप तक पहुंचाने, महंगाई नियंत्रित करने, शहीदों के बच्चों के लिए फ्री शिक्षा, 10 स्पोर्ट्स कालेज, 3 विश्व स्तरीय स्टेडियम और मीडिया कन्वेंशन सेंटर बनाने के वादे किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: MCOCA केस: AAP के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत

2022 में क्या थे सपा के वादे?

2022 के मैनिफेस्टो को देखें तो सपा ने तब भी MSP, 300 यूनिट फ्री बिजली, लैपटाप वितरण योजना शुरू करने, होस्टल बनाने, 10 लाख नौकरियां देने, 1 करोड़ रोजगार सृजित करने, 3 विश्व स्तरीय स्टेडिमय, पांच स्पोर्ट्स कालेज, 10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस देने, 24 घंटे बिजली देने, शिक्षा मित्रों के मानदेय में 5000 रुपये की बढ़ोतरी करने, 10 रुपये में समाजवादी थाली देने, विधवा, विकलांग और अनाथ लड़कियों की शादी पर 2 लाख रुपये और एक मकान देने जैसे वादे किए हैं।

 

तमाम मुद्दों पर सपा के मैनिफेस्टों में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं। कई वादे तो ठीक उसी तरह इस बार भी किए गए हैं जैसे कि 2022 में किए गए थे। 2022 में मैनिफेस्टो 88 पेज का था जबकि 2027 में सिर्फ 28 पन्नो में ही इसे समेट दिया गया है।

5 साल में मैनिफेस्टो में क्या बदला?

अभी सपा ने यह कहा है कि महिलाओं को लेकर अलग से मैनिफेस्टो जारी किया जाएगा। इसके अलावा बाकी के सभी मुद्दों पर सपा ने अपना रोडमैप जनता के सामने रख दिया है। 2022 में सपा ने कुल 10 लाख नौकरियां देने और 1 करोड़ रोजगार सृजित करने का वादा किया था। इस बार इसमें इजाफा किया है। अब 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और 2 से 3 करोड़ रोजगार मुहैया कराने का वादा किया है।

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के पुतले को बिरयानी क्यों खिलाने लगे BRS कार्यकर्ता? समझिए विवाद

 

2022 में 5 लाख युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण दिलाने का वादा था इस बार यह वादा 20 लाख युवाओं के लिए किया गया है। 2022 में 10 रुपये में समाजवादी थाली (सस्ता खाना) उपलब्ध कराने का वादा था। इस बार 5 रुपये में ही समाजवादी थाली मुहैया कराने का वादा किया था।

कौन से वादे हो गए गायब?

2022 में सपा ने वादा किया था कि हर मंडल में एक सैनिक स्कूल और हर जिले में एक टेक्निकल इंस्टिट्यूट खोला जाएगा। ये वादे इस बार नहीं किए गए हैं। इस बार ग्राम रोजगार सेवकों को परमानेंट करने, सेना और पुलिस भर्ती के लिए ट्रेनिंग कैंप बनाने, प्रतियोगी परीक्षा में छूट गए युवाओं को 2 साल की छूट देने और परीक्षा देने जा रहे युवाओं को बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने जैसे वादे भी नहीं किए गए हैं।

 

इसके अलावा, KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, साइकिल और सोलर पंप, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति कोष, हर तहसील में डिग्री कॉलेज, किसानों को 18000 की पेंशन, BPL परिवारों को 2 मुफ्त सिलेंडर, दोपहिया चालकों को 1 लीटर पेट्रोल प्रति माह, ऑटो चालकों को 3 लीटर पेट्रोल/6 किलो CNG, मुफ्त प्रेशर कुकर, यूपी औद्योगिक सुरक्षा बल बनाने , SGPGI में सरकारी कर्मचारियों के कैशलेस इलाज और 10 लाख रुपये के व्यापारी दुर्घटना बीमा जैसे वादे इस बार गायब हो गए हैं। 

नए वादे क्या हैं?

इस बार हर ग्रेजुएट युवा को नौकरी ना मिलने तक 5000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया है। यह वादा पिछली बार नहीं किया गया था। पेपर लीक पर संबंधित अधिकारी और मंत्री की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की भी बात कही गई है। साथ ही, सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैंलेडर जारी करने, AI के चलते नौकरी गंवाने वालों को ट्रेनिंग देने और पेपर लीक मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने वादा किया गया है।

 

स्थानीय/फ्रीलांस पत्रकारों के लिए बीमा और सामाजिक सुरक्षा, नोएडा-लखनऊ में मीडिया केंद्र, यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ़्लुएंसर्स के लिए नीति, जमीन पर कब्जे के लिए स्पेशल STF और अलग रंग की पुलिस की गाड़ियां, व्यापारियों/दुकानदारों की सुरक्षा के लिए बाज़ारों में 112 की गाड़ियां, पति-पत्नी दोनों पुलिस में हों तो एक जिले में तैनाती की कोशिश होगी, लखनऊ के कैंसर अस्पताल को चालू किया जाएगा और 50 करोड़ तक के ठेकों में दलित और पीडीए के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे नए वादे भी किए गए हैं।   

अखिलेश यादव ने गिनवाए पुराने काम

मैनिफेस्टो जारी करते वक्त अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल में बने 302 किलोमीटर लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआत में इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर बनाने की योजना थी लेकिन बैंकों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इसके बाद अधिकारियों से चर्चा कर मॉडल बदला गया और करीब 15,000 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी बजट के जरिए इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) मॉडल पर इसका निर्माण कराया गया। अखिलेश ने लैपटॉप वितरण और लखनऊ, आगरा, कानपुर तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो परियोजनाओं को भी अपनी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

 

बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के ठेकों में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया और सवाल किया कि जब 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ठेके दिए जा सकते हैं तो धन की कमी कहां है। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने के वादे पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में जमा धन को लेकर तकनीकी जटिलताओं के समाधान के लिए अनुभवी वित्त अधिकारियों की समिति बनाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सत्ता में आने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।


और पढ़ें