भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों को आईएसआई (ISI) का सपोर्ट करने वाले शहजाद भट्टी के नेटवर्क का पता चला। इस गिरोह के 253 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ देश के 14 राज्यों में 80 से ज्यादा एफआईआर (FIR) दर्ज थीं। सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, यह गिरोह 15 अगस्त को देश पर हमला करने वाला था जबकि स्वतंत्रता दिवस से पहले ही इस गिरोह का पर्दाफाश हो गया। इस मामले में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सराहनीय काम किया है। इसी वजह से गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की है।
अमित शाह ने अपने एक्स अकाउंट पर आतंकी गिरोह के पर्दाफाश को लेकर पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अभियान चलाया और इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। यह भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का सटीक उदाहरण है। इसके साथ ही अमित शाह ने बताया कि इस गिरोह के लोगों के पास बड़ी मात्रा में हथियार मिले थे, जिनमें पाकिस्तान में बनी पिस्तौल भी शामिल थी। इसके अलावा जासूसी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कैमरा भी बरामद किया गया है।
यह भी पढ़ें: 14 CM और 326 सांसदों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले, सुप्रीम कोर्ट में खुलासा
शहजाद ने कैसे बनाया नेटवर्क?
सुरक्षा एजेंसियों की जांच-पड़ताल के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी भारत में आतंकी नेटवर्क चला रहा था। वह सोशल मीडिया के जरिए भारतीय मुस्लिम युवाओं से दोस्ती करता था। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को अपना शिकार बनाता था। इसके बाद भारतीय युवाओं को अपने कट्टरपंथी विचारों में फंसा देता था।
जब भारतीय युवा पूरी तरह शहजाद की बातों में आ जाते थे, तो उन्हें नेटवर्क का हिस्सा बना लिया जाता था। इन युवाओं को जासूसी और कई जगहों पर निगरानी रखने का काम दिया जाता था। साथ ही, उन्हें हथियार भी दिए जाते थे। सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों की जांच के अनुसार, इन युवाओं को स्वतंत्रता दिवस पर हमला करने के लिए तैयार किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: मौनसून का कहर अभी जारी, आज क्या है मौसम का हाल, किन राज्यों में होगी भारी बारिश?
253 लोग हुए गिरफ्तार
12 अगस्त को पुलिस ने आतंकी नेटवर्क के सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें सबसे ज्यादा 62 युवाओं को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। राजधानी दिल्ली से 51, पंजाब से 44, राजस्थान से 15, महाराष्ट्र और उत्तराखंड से पांच-पांच युवाओं को गिरफ्तार किया गया।