देश में बारिश का कहर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मध्य भारत, पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते के शुरुआती दो दिनों में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में 13 अगस्त के दिन बारिश होगी। इसके अलावा मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान राजधानी दिल्ली में तेज बारिश नहीं होगी, इसके बजाय हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में लगभग कई सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई थी। जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, असम, कर्नाटक और केरल में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हुई थी। अब सवाल उठता है कि आने वाले दिनों में किन राज्यों में बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया की टर्बुलेंस वाली फ्लाइट का पायलट था नशे में? डोप टेस्ट पॉजिटिव
क्या होगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अगस्त यानी आज के दिन उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। साथ ही 10 और 11 अगस्त को हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी। पंजाब की बात करें तो 10 से 11 अगस्त और 13 से 14 अगस्त को चंडीगढ़ में बारिश होगी। इसी के साथ राजधानी दिल्ली में 11 से 13 अगस्त के बीच बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 13 से 14 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 15 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होगी। साथ ही इन राज्यों में आंधी आने, बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना है। इसका मतलब साफ है कि 13 से 15 अगस्त के बीच देश के कई इलाकों में भारी बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: धार्मिक यात्रा कराएगी 'भारत गौरव डीलक्स' ट्रेन, क्या-क्या होगा खास? सब जानिए
बिहार से लेकर बंगाल का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अगस्त को बिहार में भारी बारिश होगी। पश्चिम बंगाल में 15 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों की बात करें तो असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में मानसून
महाराष्ट्र में झमाझम बारिश जारी रहने वाली है। साथ ही गुजरात के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर 10 से 12 अगस्त के बीच गुजरात में भारी बारिश हो सकती है। 15 अगस्त को केरल और कर्नाटक में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।