प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20 सितंबर को गुजरात के भावनगर के दौरे पर हैं। यहां पीएम 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस की नीतियों के लिए पार्टी को फिर से घेरा। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही भारत की क्षमताओं की अनदेखी की है। पीएम मोदी ने भावनगर में एक मेगा रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और देश के लिए पार्टी की नीतियों पर फिर से सवाल खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में 1991 की लाइसेंस राज ने उद्योगों और नवाचार को दबाया, जिससे भारत की प्रगति रुकी।
अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत की क्षमताओं को नजरअंदाज किया। इसके कारण देश की आत्मनिर्भरता और विकास को बहुत नुकसान पहुंचा है। पीएम ने कहा, 'आजादी के इतने दशकों के बाद भारत ने ऐसी उपलब्धि हासिल नहीं की जो उसे करनी चाहिए थी। इसके दो कारण थे- पहला कांग्रेस का लाइसेंस कोटा राज जिसने भारत को दुनिया के बाजार से अलग कर दिया। वैश्वीकरण के समय आयात के सारे रास्ते बंद कर दिए, जिसने वैश्विक बाजार में भारत को बहुत पीछे कर दिया।'
यह भी पढ़ें-पश्चिम बंगाल में मणिपुर जैसी मांग, TMC दुविधा में, ममता परेशान क्यों?
पीएम ने कांग्रेस के समय हुए घोटाले पर भी तंज कसा। पीएम ने कहा,'करोड़ों, अरबों के बड़े-बड़े घोटालों ने देश के युवाओं को बहुत नुकसान पहुंचाया है। इन नीतियों के कारण भारत की सही ताकत को समझने में अनदेखी की गई है।'
विदेशी निर्भरता को कम करना
पीएम मोदी ने पुनः इस बात पर जोर देकर कहा कि भारत की सबसे बड़ी चुनौती विदेशी निर्भरता को कम करना है और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण ही इसका सबसे बड़ा समाधान है। पीएम मोदी ने कहा, 'भारत आज 'विश्वबंधु' की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वह यह है कि दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता।' उनकी सरकार समुद्री क्षेत्र में भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने की दिशा में काम कर रही है।
यह भी पढ़ें-क्या है आनंद कारज? जिससे जुड़े नियम बनाने का SC ने दिया निर्देश
'आत्मनिर्भर भारत'
प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की बात को फिर से दोहराया। इससे पहले, असम में उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि भारत ऊर्जा क्षेत्र में 'आत्मनिर्भर' बनने की राह पर चल पड़ा है, और कच्चे तेल और गैस के आयात के लिए देश की दूसरे देशों पर निर्भरता को उजागर किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम कई चीजों के लिए विदेशों पर निर्भर रहे हैं। हम विदेशों से भारी मात्रा में कच्चा तेल और गैस आयात करते हैं और बदले में भारत को हर साल दूसरे देशों को लाखों करोड़ रुपये देने पड़ते हैं। हमारा पैसा विदेशों में रोजगार पैदा करता है। वहां के लोगों की आय बढ़ती है। इस स्थिति को बदलना आवश्यक था। इसलिए भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनने की राह पर चल पड़ा है।'
साथ ही पीएम मोदी लोथल में नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स की प्रगति की समीक्षा की और धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण किया। यह दौरा भारत को समुद्री और औद्योगिक क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री गुजरात में 34,200 करोड़ रुपये से अधिक कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसका उद्देश्य समुद्री क्षेत्र के विकास को और मजबूत करना है। इसके अलावा, मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल और एलएनजी बुनियादी ढांचे सहित कई महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।