logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नशा मां की मुस्कान छीन लेता है, पिता के सपने तोड़ देता है- PM की युवाओं से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं से नशा से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सपनों को उजाड़ देता है। दुश्मन देश युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश रचते हैं।

Drug-free campaign

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (Photo Credit: X@narendramodi)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान' का आगाज किया। पीएम मोदी ने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है, उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहना होगा।

 

पीएम ने बताया कि नशीली दवाओं की आपूर्ति शत्रु देशों की भारत के हितों को नुकसान पहुंचाने की आतंकवादी साजिश का हिस्सा है। ऑनलाइन मध्यम से बड़ी संख्या में युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े थे। इन युवाओं ने स्वयं को 'जेन-जी' का प्रतिनिधि बताया। 

 

अभियान के शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि आज सभी देशवासी एक महान और महत्वपूर्ण संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं। हम जिस अभियान को देख रहे हैं, वह व्यक्तियों, परिवारों और समाज के लिए है, लेकिन सबसे बढ़कर, यह देश के लिए है। 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान' इस संकल्प को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। जैसे-जैसे देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। यह जरूरी है कि हमारे युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें और नशीले पदार्थों व ऐसी अन्य हानिकारक चीजों से दूर रहें।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'सात जन्मों में भी नहीं बन सकते PM', साक्षी महाराज का राहुल पर तंज

दुश्मन युवाओं को फंसाने की साजिश रच रहा

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'जब कोई युवा नशे की लत का शिकार होता है तो सिर्फ वही व्यक्ति नहीं हारता, एक सपना भी खो जाता है। दुश्मन देश हमारे युवाओं को नशे के जाल में फंसाने के लिए हर तरह की साजिश रचते हैं और कोई कसर नहीं छोड़ते। हमारे जैसे देश को बर्बाद करने की मंशा के साथ ड्रग्स की सप्लाई से फायदा उठाना उनके आतंक-प्रेरित एजेंडे का ही एक हिस्सा है।' पीएम ने कहा कि नशीले पदार्थ कुछ समय के लिए आपको आनंद का झूठा एहसास करा सकते हैं, लेकिन वे आपका पूरा करियर और निजी जीवन बर्बाद कर देते हैं। 

'योग और ध्यान से नशे से छुटकारा पाया जा सकता'

पीएम ने कहा कि हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि समाज के सहयोग, योग और ध्यान के माध्यम से नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है। जब देश ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है, तब यह आवश्यक है कि युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वास से भरपूर रहें और हर प्रकार के हानिकारक नशे से दूर रहें।

 

 

 

 

उन्होंने आगे कहा, 'आज से पूरे देश में 'नशा मुक्त युवा अभियान' शुरू किया जा रहा है। जब यह जन-आंदोलन का रूप लेगा, तब वे लोग भी नई ऊर्जा प्राप्त करेंगे, जो अकेले अपने दम पर कुछ नहीं कर पाते। आज लिया गया यह संकल्प अगले 100 सप्ताह तक इसी तरह आगे बढ़ेगा। प्रत्येक रविवार को कला, संस्कृति, खेल, ध्यान, अध्यात्म और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से नशामुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा। आने वाले 100 रविवार नशा मुक्त भारत की दिशा में 100 मजबूत कदम साबित होंगे।'

 

यह भी पढ़ें: भारत 'कॉमनवेल्थ' में रहकर भी संप्रभु कैसे, चीन जैसा रुख हमारा क्यों नहीं? समझिए

नशा मां की मुस्कान छीन लेता है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत केवल शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि यह एक मां के चेहरे की मुस्कान छीन लेती है, पिता के सपनों को तोड़ देती है, बहन की उम्मीदों को कमजोर कर देती है और छोटे भाई के सम्मान को भी छीन लेती है। परिवार के सदस्य हर दिन इस पीड़ा के साथ जीते हैं कि उनकी आंखों के सामने उनका बच्चा धीरे-धीरे खुद को खोता जा रहा है।

जन भागीदारी अभियान की भी शुरुआत 

पीएम मोदी ने नशा मुक्ति अभियान के साथ ही 100 सप्ताह तक चलने वाले देशव्यापी 'जन भागीदारी' अभियान की भी शुरुआत की गई। इसके तहत देशभर में हर रविवार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इन गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, ‘वॉकाथॉन’, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, विचार-विमर्श मंच, कला प्रतियोगिताएं तथा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल होंगे।

Related Topic:#Narendra Modi

और पढ़ें