दिल्ली के भारत मंडपम में गुरुवार 19 नवंबर को FICCI की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग जगत से रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने पर सवाल किया। मोदी ने कहा कि सरकार ने 12 लाख रुपये तक की सालाना कमाई को इनकम टैक्स से छूट दी है। कॉर्पोरेट टैक्स भी घटाया गया है। लेकिन उद्योगों को भी बताना चाहिए कि क्या उन्होंने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या नए लोगों को नौकरी दी है?
PM मोदी ने कहा कि देश की तरक्की में सरकार के साथ उद्योगों की भी बड़ी जिम्मेदारी है। कारोबारियों को सिर्फ सरकारी मदद का इंतजार नहीं करना चाहिए। उन्हें खुद भी आगे बढ़कर देश के लिए काम करना होगा। उन्होंने उद्योगों से कहा कि वे अगले 20 साल का लक्ष्य तय करें। साथ ही यह भी सोचें कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में उनका क्या योगदान रहेगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने FICCI के 100 साल पूरे होने पर संस्था को बधाई भी दी।
दुनिया में हथियारों की तरह हो रहा संसाधनों का इस्तेमाल
PM मोदी ने कहा कि आज दुनिया में कई देश संसाधनों का इस्तेमाल दबाव बनाने और अपने फायदे के लिए कर रहे हैं। ऐसे समय में भारत के उद्योगों को अपनी ताकत बढ़ाने की जरूरत है। उन्हें उन चीजों का देश में ही उत्पादन करना चाहिए। जिनकी जरूरत भारत के साथ दूसरे देशों में भी है। मोदी ने कहा कि उद्योगों को सिर्फ घरेलू बाजार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्हें दुनिया के बाजारों की जरूरत समझकर अपने उत्पाद तैयार करने होंगे।
PM मोदी ने फार्मा सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है। इसके बावजूद देश दवाएं बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल यानी API और दूसरे जरूरी पदार्थों को बड़े स्तर पर आयात करता है। इस पर उद्योगों को विचार करना चाहिए कि इन चीजों का उत्पादन भारत में कैसे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति कई दूसरे क्षेत्रों में भी है। देश को जरूरी खनिजों के मामले में भी अपनी क्षमता बढ़ानी होगी।
यह भी पढ़ें: बिना वीजा विदेश जाने की चाहत, दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया सोनीपत का खिलाड़ी
अक्टूबर में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा निर्यात
PM मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। अक्टूबर में देश का कुल निर्यात करीब 90 अरब डॉलर रहा। इसमें सामान और सेवाओं, दोनों का निर्यात शामिल है। वहीं, सिर्फ सामान का निर्यात 49.47 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सरकार के अनुसार, अक्टूबर में कुल निर्यात पिछले साल के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत बढ़ा। मोदी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति के बीच उद्योगों को नए अवसरों का फायदा उठाना चाहिए। भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।