दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर गुरुवार को एक युवक ने बिना वैध दस्तावेजों के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश की। वहां सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने समय रहते उसे देख लिया। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। इस दौरान CISF की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने भी मदद की। जवानों की तेजी से युवक प्रतिबंधित इलाके में दाखिल नहीं हो पाया। इसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा में सेंध लगने की आशंका टल गई।
आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, वह एक एथलीट है और फिलहाल पश्चिम बंगाल में ट्रेनिंग ले रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया कि कुनाल विदेश जाना चाहता था। हालांकि, उसके पास न तो वीजा था और न ही यात्रा से जुड़े कोई वैध दस्तावेज थे। इसके बावजूद उसने एयरपोर्ट के टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश की। CISF ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले में CISF की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच नहीं चलेगी, PM मोदी ने क्यों कही यह बात?
टर्मिनल-3 के एंट्री गेट पर हुई घटना
यह घटना दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर हुई। यहां CISF के जवान सुरक्षा जांच की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी। जो बिना अनुमति टर्मिनल के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। उसके पास यात्रा से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी नहीं थे। जवानों ने बिना देर किए उसे रोकने की कोशिश की। युवक के जबरन अंदर जाने के प्रयास को देखते हुए मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत QRT को भी बुला लिया।
CISF के जवानों और QRT की टीम ने मिलकर युवक को कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया। इससे वह एयरपोर्ट के प्रतिबंधित हिस्से में नहीं पहुंच सका। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि युवक विदेश जाना चाहता था। लेकिन उसके पास इसके लिए जरूरी कागजात नहीं थे। इसके बाद भी उसने सुरक्षा व्यवस्था को पार कर टर्मिनल में घुसने की कोशिश की। CISF ने जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने GTA 6 स्टाइल में गिनाए काम, कांग्रेस ने 'क्रिमिनल लिंक' खोज निकाला
CISF ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
CISF ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दी। बल ने बताया कि टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर तैनात जवानों ने बिना वैध दस्तावेजों के जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को देखा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। CISF के अनुसार, QRT के जवानों ने भी समय पर मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने में मदद की। इस तरह कुछ ही सेकंड में उसे रोक लिया गया और सुरक्षा में सेंध लगने की आशंका टल गई।