प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने देश से गरीबी और माओवाद के खतरे को कम करने में मिली सफलता की तारीफ की है। इसके साथ ही उन्होंने अब नशे के खिलाफ लड़ाई को अगला बड़ा लक्ष्य बनाने को कहा है। बुधवार (18 नवंबर) को हुई बैठक में PM मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों और सरकारी सचिवों से इस दिशा में मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और समाज मिलकर गरीबी और माओवाद जैसी चुनौतियों से निपट सकते हैं। उसी तरह नशे की समस्या को भी खत्म किया जा सकता है। इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
बैठक में PM मोदी ने लोगों के बीच बचत की आदत बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सिर्फ 'खाओ, पियो और मौज करो' की सोच में भरोसा नहीं करती। बचत करना भी जरूरी है। सूत्रों के अनुसार, PM ने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले कई परिवार बिना सोच-समझकर खर्च करने के कारण दोबारा इस संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने 2011 से 2023 के बीच गरीबी कम करने में भारत की सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर जश्न मनाने लायक बताया।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने GTA 6 स्टाइल में गिनाए काम, कांग्रेस ने 'क्रिमिनल लिंक' खोज निकाला
'नशे के खिलाफ लड़ाई को बनाएं व्यक्तिगत जिम्मेदारी'
PM मोदी ने कहा कि युवाओं को बचाने के लिए नशे की समस्या खत्म करना जरूरी है। उन्होंने कहा, 'अगर हम सबके मिलकर किए गए प्रयासों से गरीबी कम करने और वामपंथी उग्रवाद का खतरा खत्म करने में बड़ी सफलता मिली है। तो इसी तरह क्या हम नशे की लत को खत्म नहीं कर सकते? ये सभी काम सबके योगदान से ही पूरे हुए हैं। इसलिए अगर हम ठान लें, तो यह भी कर सकते हैं।'
PM ने नशे के खिलाफ अभियान को हर व्यक्ति की व्यक्तिगत जिम्मेदारी बनाने की बात कही। एक अधिकारी के अनुसार, उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पाने के लिए सरकार के सभी विभागों के साथ समाज की भी पूरी भागीदारी जरूरी है।
गरीबी कम करने में सबके योगदान की तारीफ
PM ने कहा कि 2011 से 2023 के बीच भारत ने दुनिया के सबसे तेज गरीबी घटाने वाले देशों में जगह बनाई। यह सफलता सरकारों, अधिकारियों, उद्योगों और आम लोगों के योगदान से मिली है। बैठक में 11 सचिवों ने इस बारे में प्रेजेंटेशन दी। इनमें वित्त, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आवास और मत्स्य पालन विभाग के सचिव शामिल थे।
यह भी पढ़ें: 'मोदी भी जेल जाते, हमारे ही कुछ नेताओं ने रोका था', वीरप्पा मोइली का बयान वायरल
बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन ने 'नक्सल मुक्त भारत' पर प्रेजेंटेशन दी। उन्होंने बताया कि माओवाद का खतरा दोबारा न बढ़े, इसके लिए आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से निपटने के उपायों की जानकारी भी दी। PM मोदी ने मनीला में ASEAN सम्मेलन से लौटने के कुछ घंटे बाद इस बैठक की अध्यक्षता की।