एक दिन पहले सात सांसदों के साथ बीजेपी में विलय करने वाले राघव चड्ढा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शीशमहल विवाद का जिक्र किया, जिसे बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्द बनाया था। राघव चड्ढा ने दावा किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के पीछे शीशमहल विवाद एक मुख्य कारण था। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी को छोड़ने वाले नेता डर नहीं, बल्कि संगठन के प्रति बढ़ती निराशा, मोहभंग और घृणा के कारण ऐसा किया है।
राघव चड्ढा ने आगे कहा, 'जिस भी सच्चे देशभक्त ने बड़ी उम्मीद के साथ अपने खून-पसीने से 'आप' को सींचा था, वह या तो पार्टी छोड़ चुका है या छोड़ने की प्रक्रिया में है। हर ईमानदार और मेहनती व्यक्ति अब महसूस कर रहा है कि आप में काम करने के लिए कोई जगह नहीं बची है और पार्टी गलत रास्ते पर चल रही है। इससे कोई भी जुड़ना नहीं चाहता। इसी कारण एक के बाद एक नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने ऐसा क्या बोल दिया कि ममता बनर्जी ने लीगल केस करने की बात कह डाली
शीशमहल पार्ट 2 का किया जिक्र
अपने बयान में राघव चड्ढा ने शीशमहल का जिक्र किया और पहली बार आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव खत्म हुए अभी एक साल भी नहीं बीता है और 'शीश महल पार्ट टू' पहले ही सामने आ गया है। आम आदमी पार्टी को इन मुद्दों पर आत्ममंथन करना चाहिए। जब सड़कों पर आम जनता 'शीश महल' को लेकर सवाल पूछेगी तो पार्टी के बाकी बचे कार्यकर्ता उन्हें क्या जवाब देंगे?
बता दें कि दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को लोधी एस्टेट में आवंटित बंगले पर निजी पैसा खर्च करके सुख-सुविधा का इंतजाम करने का आरोप लगाया और इसे शीशमहल-2 कहकर संबोधित किया। हालांकि दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने बीजेपी के आरोपों को झूठा और प्रवेश वर्मा द्वारा जारी तस्वीरों को फर्जी बताया।
यह भी पढ़ें: 'अगर नाकाबंदी जारी रही तो...', ईरान ने अमेरिका को दी सीधे हमले की धमकी
राघव ने दो तिहाई सांसदों को तोड़ा
पिछले करीब एक साल से पार्टी गतिविधियों से दूर रहने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने पार्टी के 10 में से 7 सांसदों के साथ बगावत करके बीजेपी का दामन थाम लिया है। देर रात उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। उनके साथ राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे। कुछ दिन पहले ही आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाया था। उनकी जगह अशोक मित्तल की नियुक्ति की गई थी।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा से सभी सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की और अपने बयान में सभी को गद्दार करार दिया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर 'ऑपरेशन लोटस' चलाने का आरोप लगाया। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया।