उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर
राहुल गांधी
के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि राहुल गांधी सुरक्षित हैं। वह आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। राहुल गांधी सुल्तानपुर एनपी एमएलए कोर्ट में पेश होने के लिए दिल्ली से फ्लाइट के जरिए लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और इसके बाद वह गाड़ी से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि सुल्तानपुर के हालियापुर क्षेत्र में 91KM माइलस्टोन के पास राहुल गांधी के काफिले में चल रही 5 गाड़ियां और एम्बुलेंस आपस में टकरा गईं। इसमें पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सुरक्षा से जुड़े कई लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं कॉमेडियन मासूम राजवानी जिन्हें मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया?
कैसे हुई टक्कर?
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाने से काफिल की एक एंम्बुलेंस समेत 5 गाड़ियां टकरा गईं। यह हादसा सोमवार सुबह सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ है, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। राहुल गांधी सुरक्षित हैं। घायलों और टक्कर की वजह को लेकर अभी साफ तौर पर जानकारी सामने नहीं आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी सुबह करीब 7 बजे अपने आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें 2018 के एक मानहानि मामले में फैसले के सिलसिले में सुल्तानपुर की विशेष MP/MLA अदालत में पेश होना था। लखनऊ से सुल्तानपुर जाते वक्त उनके काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों के बीच हादसा हो गया।
मानहानि केस में आज हुई कोर्ट में पेशी
राहुल गांधी आज उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA कोर्ट में पेश हुए। यह मामला साल 2018 में केंद्रीय गृह मंत्री और तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ बेंगलुरु में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस से जुड़ा है। सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत ने आज इस मामले में सुनवाई करते हुए फैसला सुना दिया है। स्पेशल MP-MLA कोर्ट ने इस केस को खारिज करते हुए राहुल गांधी को बरी कर दिया है।