कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मानहानि के केस में पेशी के लिए उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। शुक्रवार को वह सुबह राजधानी लखनऊ के एयरपोर्ट पर उतरे और सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में पेशी के लिए रवाना हो गए। यह मामला केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इसी केस में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा चल रहा है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के पहुंचते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ने उनका स्वागत किया। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट से उनका काफिला सड़क मार्ग से मोहनलालगंज और रायबरेली होते हुए सुल्तानपुर के लिए रवाना हुआ।
क्या है पूरा मामला ?
यह मानहानि केस वर्ष 2018 का है। आरोप है कि कर्नाटक में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस बयान को आधार बनाकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता विजय मिश्र ने दीवानी न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। मामला सुल्तानपुर की एमपी/एमएलए अदालत में विचाराधीन है।
यह भी पढ़ें: फुटबॉल खेल रहे मेघालय के सांसद की मौत, नेताओं ने जताया दुख
राहुल गांधी इस मामले में 26 जुलाई 2024 को अदालत में पेश हुए थे लेकिन उसके बाद बहुत बार अनुपस्थित रहे। 19 जनवरी को अनुपस्थिति के बाद अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया था। राहुल गांधी उसी आदेश के अनुपालन में सुल्तानपुर जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट ने दी नियमित जमानत
कांग्रेस ने क्या आरोप लगा दिए ?
कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को राजनीतिक प्रेरित बताया है। कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि राहुल गांधी न्यायालय की प्रक्रिया का सम्मान करते हुए पेशी के लिए जा रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ हैं। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी लगातार राहुल गांधी को झूठे मुकदमों में उलझाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अदालत से न्याय मिलने की उम्मीद है।