लोकसभा में विपक्ष के नेता
राहुल गांधी
शुक्रवार को दिल्ली में संसद मार्ग स्थित डीसीपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। 20 जुलाई को छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल साहिल लोचब मामले में राहुल FIR दर्ज करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। धरने पर उनके साथ में सांसद
प्रियंका गांधी
और घायल साहिल लोचब भी मौजूद हैं। FIR दर्ज करवाने की मांग करते हुए राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से पूछा है कि वह न्याय करने से डरते क्यों हैं?
राहुल गांधी के धरने पर बैठने के बाद थाने के आस-पास बड़ी संख्या में पुलिस और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया है। इसी थाने में नई दिल्ली के DCP का कार्यालय भी है। इससे पहले, गांधी साहिल लोचब के साथ मंदिर मार्ग थाने पहुंचे और 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के कारण घायल हुए लोचब के मामले में FIR दर्ज करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: '500 लोग, सिर्फ 4 बजे तक समय', अब यहां आरक्षण हटाओ आंदोलन की मिली अनुमति
डीसीपी से मुलाकात के बाद धरने पर बैठे
जब उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे संसद मार्ग थाने पहुंचे और डीसीपी सचिन शर्मा से मुलाकात की जिसके बाद वह वहां धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान लोचब की आंखों और पेट में पैलेट (छर्रे) लगे थे और बाद में एम्स के ट्रॉमा सेंटर में उनकी सर्जरी हुई थी। साहिल लोचब की दाईं आंख में गंभीर चोट आई थी और उनके परिवार की ओर से दावा किया गया था कि चोट के कारण उनकी आंख की रोशनी जाने का खतरा है।
हमारी मांग सीधी है- कांग्रेस
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इस बीच कहा है कि, 'हमारी मांग सीधी है। FIR दर्ज करो और हमें FIR नंबर दो। साहिल ने सच्ची मांग की है कि FIR दर्ज होनी चाहिए। राहुल गांधी इस मांग को आवाज दे रहे हैं। साहिल ने पुलिस के पेलेट गन इस्तेमाल करने की गैर-कानूनी कार्रवाई पर FIR की मांग की है। राहुल गांधी का साफ कहना है कि जब तक नई FIR दर्ज नहीं होती, हम संसद मार्ग पुलिस स्टेशन से नहीं जाएंगे। हम जो कर रहे हैं वह संविधान के मुताबिक है।'
यह भी पढ़ें: 3 नहीं, 1 साल की प्रैक्टिस के बाद भी बन सकेंगे जज, सुप्रीम कोर्ट ने बदले नियम
बीजेपी की राहुल के धरने पर प्रतिक्रिया
वहीं, बीजेपी के राहुल गांधी के इस कदम को राजनीतिक बताया है। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'यह बहुत बुरा है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी अराजकता की राजनीति करते हैं। अभी, वह बिना इजाजत या पहले से जानकारी के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर धरने पर बैठे हैं। पुलिस ने उन्हें बताया है कि जिस घटना का वह जिक्र कर रहे हैं, उस पर पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है और उसकी जांच की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जांच के लिए एक हाई-पावर्ड कमेटी बनाई है।'
उन्होंने आगे कहा, 'राहुल गांधी, क्या आप किसी कानून का सम्मान नहीं करना चाहते? हमें शक है और हम आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस अब राष्ट्रगीत वंदे मातरम पर अपने रुख की वजह से फंस गई है। हम राहुल गांधी की नेतृत्व वाली कांग्रेस जो अभी कर रही है, उसकी निंदा करते हैं।'