देशभर में अब गर्मी और बारिश का मिलाजुला दौर देखने को मिल रहा है। एक तरफ तो उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य गर्मी के कारण परेशान हैं तो कई राज्यों में अब बारिश होने लगी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है लेकिन इसके साथ ही कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने के संकेत भी दिए हैं। गर्मी के कारण लोग बेहाल होंगे और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आज देश के 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी राज्यों के लिए आज का दिन काफी कठिन हो सकता है। यहां आसमानी बिजली आफत मचा सकती है।
यह भी पढ़ें: संजय निषाद और ओपी राजभर के चक्कर क्यों काट रहे हैं पूर्व IAS और नेता?

17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
हिमाचल प्रदेश में आज यानी 10 जून को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंडी, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, सोलन, सिरमौर और बिलासपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 65 की स्पीड से तूफान भी चल सकता है।
जम्मू-कश्मीर की बात करे तो यहां पुलवामा, किश्तवाड़, बडगाम, गांदरबल, डोडा, बांदीपोरा, कठुआ और अनंतनाग में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तराखंड के नीताल, देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में गर्मी का कहर
एक तरफ देश के कई राज्यों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं आज भी कई राज्यों में गर्मी का कहर देखने को मिलेगा, जिसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। कुछ राज्यों में बारिश और गर्मी का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। जिन राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल के कुछ जिले, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गोवा (गर्मी और उमस), ओडिशा (गर्मी और उमस) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक का मामला दिल्ली से राज्यों तक पहुंचा, BJP के लिए कितना बड़ा खतरा?
उत्तर भारत में कब आएगा मॉनसून?
उत्तर भारत में पहले गर्मी और लू का असर बढ़ेगा, जबकि 11 जून के बाद आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। कई राज्यों में बारिश के कारण लोगों की समस्याएं बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, जून के आखिरी हफ्ते में उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मॉनसून दस्तक दे देगा।