रक्षा मंत्री
राजनाथ सिंह
ने शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता
राहुल गांधी
के उस बयान को शर्मनाक बताया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर दिया था। राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के पीएम मोदी और भारत की विदेश नीति को लेकर दिए गए बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी छोटी सोच वाली और निंदनीय है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह बात उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी पीड़ा देती हैं। राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं यह सोच भी नहीं सकता कि गांधी सरनेम वाला कोई व्यक्ति ऐसी शर्मनाक टिप्पणी कर सकता है।'
यह भी पढ़ें: 'भारत जोखिम उठा सकता है, कड़ा प्रहार कर सकता है', ऑपरेशन सिंदूर पर बोले NSA
आचरण स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरे का संकेत
राजनाथ सिंह ने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने किसी भी विपक्ष के नेता को ऐसा अभद्र और अकल्पनीय व्यवहार करते हुए कभी नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।
राहुल ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का अपमान किया
उन्होंने आगे कहा, 'राहुल गांधी ने न केवल प्रधानमंत्री बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का भी अपमान किया है। मैं सोच भी नहीं सकता कि गांधी सरनेम वाला कोई व्यक्ति ऐसी शर्मनाक टिप्पणी कर सकता है।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 साल तक पूरी लगन से काम किया और एक भी छुट्टी नहीं ली। ऐसे प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी हर भारतीय को पीड़ा पहुंचाती है।
यह भी पढ़ें: अटकलों पर विराम! वंदे भारत में नहीं बदलेगी कालका-दिल्ली शताब्दी ट्रेन
विरासत का दावा नहीं कर सकती कांग्रेस
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा, 'ऐसी भाषा और आचरण के बाद क्या पार्टी लाल-बाल-पाल और गांधी, पटेल और नेहरू, सुभाष बाबू से लेकर राजेंद्र बाबू और शास्त्री जी तथा नरसिम्हा राव से प्रणब मुखर्जी तक की विरासत पर दावा कर सकती है?'
रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने इस आचरण से न सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान किया है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को भी तार-तार कर दिया है।