उत्तर भारत के कई राज्यों में 29 दिसंबर को घना कोहरा छाया रहा, जिससे NCR, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे का असर हवाई, रेल और सड़क—तीनों सेवाओं पर देखने को मिला। 30 दिसंबर को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई।
आने वाले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने की संभावना है। घने कोहरे के बीच साल 2025 का आखिरी दिन बीतेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी को हल्की बारिश होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- कोहरे का असर; क्या है CAT III कंडीशन, जिन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर किया लागू?
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के करीब 37 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार (29 दिसंबर) को कई जिलों में कोहरे ने लोगों को परेशान किया। कानपुर में सुबह विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई जबकि अन्य जिलों में यह 50 से 100 मीटर के बीच रही। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर को दिन के तापमान में सामान्य से 3–4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में कोहरे के साथ शीतलहर चलने की भी चेतावनी दी गई है।
उत्तराखंड का हाल
उत्तराखंड के 4 जिलों में 30 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी की संभावना है जिसमें उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग शामिल है। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जनवरी 2026 तक इस तरह मौसम का मिजाज बना रहेगा।
इसके साथ 6 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है जिसमें हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और देहरादून के निचले इलाके शामिल है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। Skyscanner के मुताबिक, देहरादून एयरपोर्ट पर आज भी 11 फ्लाइट लेट है।
यह भी पढ़ें-भोजपुरी से पिंपरी-चिंचवड तक, बंजर जमीन पर इंडस्ट्री उग आने की कहानी
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज
पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में भी बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया।
नए साल के जश्न में कंपकंपाने वाली ठंड पड़ने वाली है। शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक रहेगा। नए साल के जश्न के बीच मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर की रात से 31 दिसंबर की रात को पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हो सकती है। यह 1 और 2 जनवरी को भी जारी रहेगी।