रूस-यूक्रेन जंग में कहां खड़ा है भारत? पुतिन संग मीटिंग में PM मोदी ने बता दिया
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी के बीच अहम बैठक हो रही है। इस दौरान पीएम मोदी ने साफ किया कि रूस-यूक्रेन की जंग में भारत शांति के पक्ष में है।

हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन। (Photo Credit: DD News)
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बातचीत हो रही है। इस बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने एक बार फिर दोहराया कि भारत तटस्थ नहीं है और रूस-यूक्रेन की जंग में वह शांति के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि यह युद्ध बातचीत और कूटनीति के जरिए खत्म होना चाहिए। इस पर जवाब देते हुए पुतिन ने कहा कि रूस भी इस जंग के शांतिपूर्ण समाधान पर काम कर रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को पुतिन का सबसे पहले राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन में पुतिन को 21 तोपों की सलामी दी गई। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पुतिन ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद अब हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत चल रही है। बातचीत की शुरुआत में पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन जंग को लेकर भारत का रुख साफ करते हुए कहा कि हम शांति के साथ हैं।
पीएम मोदी और पुतिन की यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब रूसी तेल को लेकर भारत और अमेरिका के रिश्तों में तनाव है। इसे लेकर अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया है।
इससे पहले एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में पुतिन ने कहा था कि अमेरिका खुद रूस से न्यूक्लियर मटैरियल खरीदता है तो भारत तेल क्यों नहीं खरीद सकता? उन्होंने कहा था कि 'कुछ लोग' अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की बढ़ती भूमिका को पसंद नहीं करते और ये लोग 'बनावटी रुकावटें' डालकर भारत के असर को कम करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें-- रूस का सस्ता तेल क्या भारत को पड़ रहा है महंगा? समझिए
मोदी बोले- रूस-यूक्रेन जंग में भारत न्यूट्रल नहीं
पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'मेरा मानना है कि 2001 में हमने जो भूमिका निभाई, वह इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि एक विजनरी लीडर कैसे सोचता है। वह कहां से शुरू करता है और रिश्तों को कितना आगे ले जा सकता है। भारत-रूस संबंध इसका सबसे अच्छा उदाहरण हैं।'
उन्होंने कहा, 'जब से यूक्रेन संकट शुरू हुआ है, हम लगातार बातचीत कर रहे हैं। समय-समय पर, आपने भी एक सच्चे दोस्त की तरह हमें हर चीज की जानकारी दी है। मेरा मानना है कि भरोसा एक बहुत बड़ी ताकत है और मैंने इस मामले पर आपसे कई बार बात की है और इसे दुनिया के सामने भी रखा है। देशों की भलाई शांति के रास्ते में है। हम सब मिलकर दुनिया को उस रास्ते पर ले जाएंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि हाल के दिनों में की जा रही कोशिशों से दुनिया एक बार फिर शांति की दिशा में लौटेगी।'
https://twitter.com/PTI_News/status/1996837942841823458
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'हाल के दिनों में, जब भी मैंने ग्लोबल कम्युनिटी के नेताओं से बात की है और इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की है, मैंने हमेशा कहा है कि भारत न्यूट्रल नहीं है। भारत का एक साफ रुख है, और वह रुख शांति के लिए है। हम शांति की हर कोशिश का समर्थन करते हैं।'
https://twitter.com/PTI_News/status/1996842657361154340
उन्होंने आगे कहा कि 'कोविड से लेकर आज तक दुनिया ने कई मुश्किलों का सामना किया है। हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द दुनिया इन मुश्किलों से आजाद हो जाएगी और ग्लोबल कम्युनिटी सही दिशा में तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ेगी और सहयोग की एक नई भाषा को बढ़ावा देगी। मुझे पूरा भरोसा है कि आज हम कई जरूरी वैश्विक मुद्दों पर बात करेंगे। भारत और रूस के बीच आर्थिक रिश्ते और मजबूत होने चाहिए और हमें मिलकर नई ऊंचाइयों को छूने का लक्ष्य रखना चाहिए। इतने आशावादी नजरिए के साथ हम अपनी मीटिंग को आगे बढ़ाएंगे। यह एक पक्का यकीन है।'
यह भी पढ़ें-- 'मोदी दबाव में आने वालों में से नहीं, गर्व कर सकते हैं भारत के लोग'; बोले पुतिन
पुतिन ने क्या कहा?
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में पुतिन ने भारत बुलाने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। साथ ही यह भी बताया कि यूक्रेन को लेकर एक शांतिपूर्ण समाधान पर बात चल रही है।
https://twitter.com/ANI/status/1996846489939988870
पुतिन ने कहा, 'सबसे पहले मुझे बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं यूक्रेन में हो रही घटनाओं के बारे में बहुत सारी जानकारी साझा कर सकता हूं। हम अमेरिका समेत कुछ साझेदारों के साथ मिलकर एक संभावित शांतिपूर्ण समाधान पर काम कर रहे हैं। इस स्थिति का समाधान ढूंढने में ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।'
राजघाट में महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
https://twitter.com/PTI_News/status/1996821339899154507
राष्ट्रपति भवन में स्वागत होने के बाद पुतिन ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राजघाट की विजिटर बुक में एक नोट भी लिखा।
नोट में पुतिन ने लिखा, 'आधुनिक भारत के संस्थापकों में से एक, महान नेता और मानवतावादी महात्मा गांधी ने विश्व में शांति और मानवता के कार्य में अमूल्य योगदान दिया है। स्वतंत्रता, सदाचार और मानवता पर उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और लोगों को प्रेरित करते हैं।'
https://twitter.com/ANI/status/1996828269707251966
उन्होंने आगे लिखा, 'महात्मा गांधी, मूल रूप से, उस नए और न्यायपूर्ण बहुध्रुवीय विश्व-व्यवस्था के अग्रदूत थे, जो आज अस्तित्व में आ रही है। उनका यह विश्वास था कि दुनिया का भविष्य तानाशाही, झूठ और अन्याय से मुक्त होना चाहिए और सम्मान और सहयोग पर आधारित होना चाहिए। इन्हीं सिद्धांतों और मूल्यों की बदौलत रूस और भारत आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिलकर मजबूत खड़े हैं।'
यह भी पढ़ें-- बख्तरबंद गाड़ियां, पॉटी सूटकेस... PM मोदी के दोस्त पुतिन की सुरक्षा कितनी टाइट?
आज रात रूस के लिए रवाना होंगे पुतिन
पुतिन का यह भारत दौरा 4 साल बाद हो रहा है। इससे पहले पुतिन दिसंबर 2021 में भारत आए थे। तब भी वह इंडिया-रशिया समिट में शामिल होने के लिए भारत आए थे।
चार साल बाद आए पुतिन का यह भारत दौरा लगभग 28 घंटे का है। शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज देंगी। इसके बाद रात लगभग 9:30 बजे पुतिन रूस के लिए रवाना हो जाएंगे।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


