सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग एक वीआईपी सलून कोच में रुद्राभिषेक करते दिख रहे हैं। चलती ट्रेन में कई पंडित मंत्रोच्चार कर रहे हैं और एक शख्स रुद्राभिषेक कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के फर्श पर बैठे लोग पूजा में शामिल हैं। अब इसका वीडियो सामने आने पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर इसकी परमिशन कैसे मिल गई? कुछ लोग ट्रेन में नमाज पढ़ने वाले लोगों को रोके जाने से जोड़कर भी सवाल पूछ रहे हैं। अब इस पर रेलवे ने सफाई दी है कि जिसने भी यह करवाया है, उसने अलग से सलून कोच बुक करवा रखा था।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णण और रेल मंत्रालय से भी सवाल पूछे। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया तो रेलवे ने इस पर बयान भी जारी किया है। रेलवे की ओर से बताया गया है कि यह घटना 10 जुलाई की है और इसके लिए बुकिंग कराई गई थी। बता दें कि रेलवे के सलून कार खास मौकों के लिए बुक किए जा सकते हैं और बुक करने वाली की इच्छा और उपलब्धता के मुताबिक, इन्हें अलग-अलग ट्रेनों में जोड़ा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार लेगी 1 हजार करोड़ का लोन, भगवंत मान के राज में कितना बढ़ा कर्ज?
रेलवे ने क्या सफाई दी?
अब इस पर सफाई देते नॉर्दर्न रेलवे ने एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है, 'IRCTC के जरिए 8 जुलाई को यह सलून कोच बुक किया गया था। कमर्शियल बुकिंग कराने वालों ने इसके लिए 308580 रुपये की अडवांस पेमेंट भी की थी। इस कोच को पश्चिम एक्सप्रेस यानी 12926 में तब जोड़ा जाना था जब यह 10 जुलाई खो नई दिल्ली से मुंबई के लिए चलती। नॉर्दर्न रेलवे ने कमर्शियल रन के लिए एक नोटिफिकेशन 10 जुलाई को ही जारी किया था।'
इस बयान में आगे कहा गया है, 'यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अन्य चीजों का ध्यान रखने की पूरी की पूरी जिम्मेदारी रेलवे की है। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। इस घटना में सलून कोच में जो पंडित रुद्राभिषेक करा रहे हैं, उन्हें कोच की बुकिंग करने वालों ने बुलाया था।'
यह भी पढ़ें: 'दाढ़ी रखो, टोपी रखो, चरित्र तो पूर्वजों जैसा रखो...', क्या बोल गए रामदेव?
क्यों खास हैं सलून कोच?
IRCTC की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस तरह के कोच में एक किचन, खिड़िकियां, दो बेडरूम और कई सीटें मौजूद होती हैं। साथ में, दो अटेंडेंट भी दिए जाते हैं ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इन कोच को किसी भी स्टेशन से बुक किया जा सकता है और किसी भी मेल या एक्सप्रेस ट्रेन के साथ जोड़ा जा सकता है।