लेबनान में इजरायल की भीषण बमबारी के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा बंद कर दिया है। उधर, अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वैंस का कहना है कि अभी तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने का कोई सबूत नहीं है।
फ्रांस में अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद भी इजरायल ने शनिवार को फिर ले लेबनान पर ताबड़तोड़ हमला करके 16 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इसी बात से गुस्साए ईरान ने एक बार फिर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। ईरान ने कहा कि इजरायल के हमले अमेरिका के साथ हुए समझौते का उल्लंघन है।
यह भी पढ़ें: 'बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की कोशिश', PM मोदी का कांग्रेस पर बड़ा आरोप
भारत के लिए खुशी की खबर
इसी बीच भारत के लिए खुशी की खबर सामने आई है, जिसे खुद मोदी सरकार में मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया है। दरअसल, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को बताया कि भारत के झंडे वाले कच्चे तेल के तीन टैंकर 94 भारतीय चालक दल के सदस्यों के साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर गए हैं।
भारत की ओर रवाना हो गए टैंकर
उन्होंने बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करके तीनों पोल भारत की ओर रवाना हो गए हैं। इन जहाजों में 8.6 लाख टन से अधिक कच्चा तेल लदा हुआ है। उन्होंने बताया कि ‘देश वैभव’, ‘देश विभोर’ और ‘सनमार हेराल्ड’ नाम के तीनों टैंकर के 24 जून से एक जुलाई के बीच भारत पहुंचने की संभावना है।
देश वैभव टैंकर के 24 जून को वाडीनार बंदरगाह पहुंचने की संभावना है, जबकि ‘देश विभोर’ के उसी दिन सिक्का बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। तीसरा भारतीय झंडे वाला तेल टैंकर ‘सनमार हेराल्ड’, जिसने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया, एक जुलाई को पारादीप बंदरगाह पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें: 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो', जंतर-मंतर से CJP ने फिर मांग दोहराई
सोनोवाल ने कहा क्या?
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'भारत के ध्वज वाले तीन कच्चे तेल के टैंकर... देश वैभव, देश विभोर और सनमार हेराल्ड 94 भारतीय चालक दल के सदस्यों के साथ 8.6 लाख टन से अधिक माल लेकर आज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सफलतापूर्वक पार कर चुके हैं और अब भारत की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।'
उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में सरकार भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। मंत्रालय सभी संबंधित एजेंसियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है ताकि भारतीय नाविकों और देश की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।