छठ पूजा पर पूर्वोत्तर जाने वाली सभी ट्रेनें अपनी फुल स्ट्रेंथ से ऊपर चल रही हैं। सद्भावना, पूर्वा, संपर्क क्रांति, लिच्छवी जैसी सुपर फ़ास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा रेलवे दर्जनों स्पेशल ट्रेनों का दिल्ली डिवीज़न से संचालन कर रहा है। बुधवार को ही दिल्ली डिवीजन से रेलवे ने 34 विशेष रेलगाड़ियों (31 विशेष और 3 अनिर्धारित/अनशेड्यूल्ड) चलाई।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार टर्मिनल पर यात्रियों की भारी भीड़ दिल्ली जा रही है। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड जाने वाले लोग छठ पूजा में शामिल होने के लिए अपने घर-गांव जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: विदेश में मिले तलाक से भारत में हुई शादी खत्म नहीं मानी जाएगी- सुप्रीम कोर्ट
आज 31 ट्रेनों का हो रहा संचालन
उत्तर रेलवे गुरुवार यानी आज दिल्ली क्षेत्र से 31 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन कर रहा है। इसमें नई दिल्ली से 9, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक से 1 और दिल्ली सराय रोहिल्ला से 1 रेलगाड़ी, इनके अलावा, भीड़/मांग के अनुसार अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जा रही हैं।
रेलवे ने किए व्यापक प्रबंध
उत्तर रेलवे ने छठ पर्व के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेष रूप से देश के पूर्वी हिस्सों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
बता दें कि छठ पूजा के मौके पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर अपने कर्मचारियों के अलावा दिल्ली पुलिस, आरपीएफ, बीएसएफ आदि फोर्स तैनात किए हुए है। जिन यात्रियों के पास टिकट नहीं है उनका प्लेटफार्म पर ही टिकट बनाया जा रहा है।